दिल्ली: फूल बेचने वाले परिवार से मारपीट के आरोप में AAP विधायक वीरेंद्र कादियान और उनके बेटे पर FIR
दिल्ली कैंट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान और उनके बेटे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत पर…
दिल्ली कैंट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान और उनके बेटे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत पर की गई है, जिसका परिवार फूल बेचकर अपनी आजीविका चलाता है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जिमी ने आरोप लगाया है कि विधायक, उनके बेटे और कुछ अन्य लोगों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।
यह पूरा विवाद 18 जुलाई को एक गुलदस्ते को लेकर शुरू हुआ। शिकायत के मुताबिक, निरंजन नाम का एक शख्स खुद को विधायक कार्यालय का बताकर उनकी दुकान पर आया और 500 रुपये का गुलदस्ता ले गया। जब महिला के पिता ने पैसे मांगे तो उसने धमकी दी और बाद में कैंटोनमेंट बोर्ड से शिकायत कर उनकी दुकान हटवा दी और सारा सामान भी जब्त करा लिया।
विधायक कार्यालय में मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता जिमी ने बताया कि जब उनका परिवार उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे इस मामले की शिकायत करने विधायक वीरेंद्र कादियान के दफ्तर पहुंचा, तो वहां स्थिति और बिगड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया, "विधायक ने अपने समर्थकों को दरवाजा बंद करने का इशारा किया। उन्होंने मेरी मां को थप्पड़ मारा और अपशब्द कहे।"
जिमी के अनुसार, जब उनके पति ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग करने की कोशिश की, तो 8-10 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया, "विधायक के बेटे ने उनके (पति के) आंख के पास मारा, जिससे खून बहने लगा। उसने मेरे साथ भी दुर्व्यवहार किया।"
बच्चों से भी बदसलूकी और जान से मारने की धमकी
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि इस हाथापाई के दौरान उनका दो साल का बेटा जमीन पर गिर गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। FIR के अनुसार, "उन्होंने मेरे पेट पर मारा और मेरे बेटे के साथ भी मारपीट की।" परिवार का आरोप है कि उन्हें बार-बार जान से मारने की धमकियां भी दी गईं और वे किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से विधायक कार्यालय और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को जब्त करने, आरोपियों से पूछताछ करने और अपने परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि पूरी घटना मोबाइल फोन और सीसीटीवी में कैद है।
इनपुट: IANS



