शनिवार, 19 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

IIT बॉम्बे: परीक्षा में नकल करते पकड़े गए छात्र की मौत, भाजपा ने दुख जताते हुए जांच की मांग की

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) बॉम्बे के पवई कैंपस में शुक्रवार शाम एक छात्र मृत पाया गया, जिसके बाद इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले…

IIT बॉम्बे: परीक्षा में नकल करते पकड़े गए छात्र की मौत, भाजपा ने दुख जताते हुए जांच की मांग की
(फोटो: IANS)

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) बॉम्बे के पवई कैंपस में शुक्रवार शाम एक छात्र मृत पाया गया, जिसके बाद इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले को 'दिल दहला देने वाली' घटना बताते हुए दुख व्यक्त किया है और कहा है कि मौत के असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान साहिल वाकोडे के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले थे। साहिल आईआईटी बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में दूसरे वर्ष के छात्र थे। यह दुखद घटना तब सामने आई जब परीक्षा के दौरान उन्हें मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।

भाजपा ने उठाए सवाल

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता राम कदम ने IANS से बातचीत में कहा, "एक होनहार छात्र का इस तरह अपनी जान दे देना दिल दहला देने वाली घटना है।" उन्होंने आगे कहा, "आत्महत्या के बारे में जो खबरें आ रही हैं, इसके पीछे क्या वजह थी और क्या हालात बने जिसकी वजह से छात्र ने अपनी जान दी, ये सभी बातें जांच के बाद ही सामने आएंगी।"

दिशा सालियान मामले का भी जिक्र

इसी बातचीत के दौरान राम कदम ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक पिता ने अपनी बेटी को खो दिया और उसके बाद भी सीबीआई को केस दर्ज करने में साढ़े छह साल लग गए। अब पिता ने सीधे तौर पर आदित्य ठाकरे पर आरोप लगाया है। उनकी सरकार ने क्या किया? उनकी सरकार ने तो इसे आत्महत्या करार दिया था।"

कदम ने भावुक लहजे में कहा, "जब कोई पिता बच्चे को जन्म देता है, उसे बड़ा करता है, उसकी छोटी-छोटी उंगलियां पकड़कर चलना सिखाता है और फिर उसे चिता पर देखता है, तो उस पिता के दिल पर क्या बीतती होगी?" उन्होंने आरोप लगाया कि जब ऐसा पिता न्याय की गुहार लगाता है तो आदित्य ठाकरे जैसे नेता इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हैं। उन्होंने कहा, "शिव सेना यूबीटी के लोग पिता की न्याय की मांग को नौटंकी बता रहे हैं। ठाकरे एंड परिवार को जवाब देना चाहिए कि एक पिता न्याय मांग रहा है तो उसे नौटंकी कैसे कहा जा सकता है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →