भोपाल: बिल पास करने के बदले BSNL के दो इंजीनियरों ने मांगी रिश्वत, CBI ने 75,000 रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के दो वरिष्ठ इंजीनियरों को 75,000 रुपए की रिश्व…
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के दो वरिष्ठ इंजीनियरों को 75,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन अधिकारियों पर एक फर्म के लंबित बिलों को पास करने के एवज में लाखों रुपए की घूस मांगने का आरोप है।
सीबीआई ने गुरुवार को यह मामला दर्ज किया था। आरोप है कि बीएसएनएल, भोपाल में तैनात चीफ इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) और सुपरिटेंडिंग इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) ने एक ठेकेदार फर्म से रिश्वत की मांग की थी। यह फर्म जबलपुर की है और बीएसएनएल के लिए ऑपरेशन, रखरखाव और इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन से जुड़े काम करती है।
क्यों मांगी जा रही थी रिश्वत?
जानकारी के अनुसार, फर्म के 14 अलग-अलग कामों के बिल अटके हुए थे। इन्हीं बिलों को प्रोसेस करने के लिए दोनों अधिकारियों ने अपने और एक अन्य सह-आरोपी के लिए 2-2 लाख रुपए की अवैध रकम की मांग की थी। शिकायत मिलने पर सीबीआई ने जाल बिछाया और दोनों आरोपी अधिकारियों को उस वक्त धर दबोचा, जब वे मांगी गई रिश्वत की पहली किश्त के तौर पर 75,000 रुपए ले रहे थे।
जांच का दायरा बढ़ा
इस गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए आरोपियों के भोपाल, लखनऊ और कानपुर स्थित घरों और दफ्तरों में तलाशी शुरू कर दी है।
एक अन्य मामले में भी सीबीआई की कार्रवाई
एक अलग घटनाक्रम में, सीबीआई ने रांची में भी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की है। वहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के क्षेत्रीय वेतन और लेखा कार्यालय के एक वरिष्ठ लेखा अधिकारी और दो सहायक लेखा अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन पर अपने ही एक सहकर्मी से 48,000 रुपए से अधिक की रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है। अधिकारियों ने यह घूस अपनी यूनिट के सहकर्मियों के विभिन्न भत्तों के बिल पास करने के बदले एक कांस्टेबल से मांगी थी। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
इनपुट: IANS



