दिल्ली: खेत में मिला किशोरी का क्षत-विक्षत शव, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के आरोप में 3 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार
उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को पकड़…
उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद लड़की के शव को एक खेत में फेंक दिया था, जो कई दिनों बाद बुरी तरह सड़-गली अवस्था में मिला।
यह मामला 13 सितंबर को तब खुला जब पुलिस को कुशक रोड स्थित एक खेत से एक शव बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआती जांच में लिंग की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। बाद में पता चला कि यह शव एक 16 साल की किशोरी का है। पुलिस ने बताया कि आवारा कुत्तों ने शव के कुछ हिस्सों को नोंच खाया था और उसका एक हाथ शरीर से अलग पड़ा मिला था।
टेम्पो और CCTV फुटेज से सुलझी गुत्थी
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि पीड़िता आरोपियों को पहले से जानती थी और घटना वाले दिन उनके साथ एक टेंपो में सफर कर रही थी। आरोप है कि सफर के दौरान सभी ने शराब पी, जिसके बाद लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई।
शुरुआत में कोई चश्मदीद न होने के कारण पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान करना एक बड़ी चुनौती थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से ज़्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में पुलिस को एक संदिग्ध टेंपो दिखाई दिया, जिसके रूट को ट्रैक करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
परिवार ने क्यों नहीं दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट?
इस मामले में एक हैरान करने वाली बात यह भी है कि लड़की के परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। IANS के अनुसार, जब पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह पहले भी कभी-कभी घर से चली जाती थी और कुछ दिन बाहर रहने के बाद खुद ही लौट आती थी।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पकड़े गए बालिग आरोपी की पहचान खड्डा कॉलोनी निवासी शिवम उर्फ सुदामा के रूप में हुई है, जबकि तीनों नाबालिगों की उम्र 16 से 17 साल के बीच है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, आरोपियों के कपड़े और टेंपो भी बरामद कर लिया है।
इनपुट: IANS



