देशभर में 12,500 आयुष केंद्र अब 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर', सरकार ने दी राज्यसभा में जानकारी
देश में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत 12,500 मौजूदा आयुष डिस्पेंसरी और उप-स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन्हें…
देश में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत 12,500 मौजूदा आयुष डिस्पेंसरी और उप-स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन्हें अब 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष)' के नए नाम से जाना जाएगा। यह महत्वपूर्ण जानकारी केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मंगलवार को राज्यसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से दी।
मंत्री ने बताया कि यह अपग्रेडेशन केंद्र सरकार की राष्ट्रीय आयुष मिशन (NAM) योजना के अंतर्गत किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में पूरे देश में 40,269 डिस्पेंसरी और 3,648 अस्पताल आयुष ओपीडी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इन केंद्रों के उन्नयन का उद्देश्य आयुष सिद्धांतों पर आधारित एक समग्र कल्याण मॉडल स्थापित करना है, जो बीमारी की रोकथाम से लेकर उपचार और पुनर्वास तक पर ध्यान केंद्रित करता है।
कर्नाटक सबसे आगे, फंडिंग का मॉडल भी तय
आंकड़ों के अनुसार, कर्नाटक में सबसे अधिक 7,641 आयुष डिस्पेंसरी और 274 आयुष अस्पताल हैं, जो इसे इस क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाता है। केंद्र प्रायोजित योजना होने के कारण, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को उनके वार्षिक एक्शन प्लान के आधार पर वित्तीय सहायता दी जाती है। प्रतापराव जाधव ने बताया कि एक आयुष डिस्पेंसरी को 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' में बदलने के लिए प्रति यूनिट 16.22 लाख रुपये और एक उप-स्वास्थ्य केंद्र के लिए 15.744 लाख रुपये की वित्तीय मदद दी जाती है।
अपग्रेडेशन के बाद बढ़ी मरीजों की संख्या
सरकार का कहना है कि इन केंद्रों को अपग्रेड करने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि देखी गई है। मंत्री के अनुसार, इसकी वजह यह है कि अब यहां सामान्य ओपीडी सेवाओं के अलावा योग और प्रकृति परीक्षण जैसी कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा, “इन केंद्रों पर तैनात आयुष चिकित्सकों की गुणवत्ता, मान्यता, प्रशिक्षण सुनिश्चित करने... के लिए विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में केंद्रीय टीम के दौरे के अलावा एनएबीएच मूल्यांकन और तीसरे पक्ष की समीक्षा भी होती है।” सरकार ने राज्यों को इन केंद्रों के कर्मचारियों के उचित प्रशिक्षण, अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ रेफरल संबंध मजबूत करने और बेहतर परिणामों के लिए आशा कार्यकर्ताओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की भी सलाह दी है।
इनपुट: IANS



