हिमाचल: नैना देवी जा रहे श्रद्धालुओं का ट्रक खाई में गिरा, 50 घायल, एक की हालत गंभीर
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब हरियाणा के श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक घटना में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 50 लोग घायल हो गए…
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब हरियाणा के श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक घटना में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 50 लोग घायल हो गए। ये सभी हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के निवासी हैं और ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह में दर्शन के बाद माता नैना देवी के लिए निकले थे।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा पीर निगाह मंदिर से लगभग दो किलोमीटर दूर एक मोड़ पर हुआ। श्रद्धालु दो दिन पहले ही यहां पूजा-अर्चना और भंडारे के लिए आए थे। मंगलवार सुबह जब वे अपनी आगे की यात्रा के लिए निकले, तो उनका ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और उन्होंने पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाने का काम फौरन शुरू कर दिया गया। 30 घायलों को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के एक डॉक्टर ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया, "हमारे पास लगभग 30 घायल आ चुके हैं। इसमें से एक घायल की स्थिति काफी नाजुक है, उसे प्राथमिक उपचार देकर रेफर किया गया है। बाकियों का उपचार चल रहा है। हमारी सभी डॉक्टर्स और सारी टीम लगी हुई है।"
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा
घायल श्रद्धालुओं में से एक, नंदलाल ने बताया, "हम पीर निगाह आए थे, एक मोड़ के पास गाड़ी खाई में गिर गई।" एक अन्य घायल सोमनाथ ने कहा कि वे माथा टेककर लौट रहे थे, जब ढलान पर उतरते समय उनका वाहन खाई में पलट गया। इस घटना ने एक धार्मिक यात्रा को दुखद हादसे में बदल दिया।
इनपुट: IANS



