हजारीबाग: होटल पर गोलीबारी के बाद गैंगस्टर राहुल दुबे का सोशल मीडिया पर दावा, बोला- 'नजरअंदाज करने का नतीजा'
झारखंड के हजारीबाग में गुरुवार देर रात एक होटल पर हुई गोलीबारी की घटना ने सनसनी फैला दी है। इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर राहुल दुबे ने ली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबे के नाम…
झारखंड के हजारीबाग में गुरुवार देर रात एक होटल पर हुई गोलीबारी की घटना ने सनसनी फैला दी है। इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर राहुल दुबे ने ली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबे के नाम से जारी एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि होटल मालिक द्वारा उसके फोन कॉल और संदेशों को नजरअंदाज किए जाने के कारण यह हमला किया गया।
घटना हजारीबाग के मटवारी इलाके की है, जहां अपराधियों ने होटल पर कई राउंड फायरिंग की। इस गोलीबारी में होटल के मुख्य द्वार का शीशा चकनाचूर हो गया, हालांकि वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की जांच और सोशल मीडिया पोस्ट
सूचना मिलते ही कोर्रा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस उस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी ली गई है।
इस पोस्ट में होटल मालिक अभय सिंह को सीधे तौर पर धमकाते हुए कहा गया है कि वह उससे संपर्क करे, वरना अगली बार उसके घर या परिवार को निशाना बनाया जा सकता है।
कोयला कारोबारियों को भी धमकी
गैंगस्टर राहुल दुबे के नाम से जारी इस पोस्ट में सिर्फ होटल मालिक को ही नहीं, बल्कि हजारीबाग के कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को भी चेतावनी दी गई है। पोस्ट में लिखा है कि वे उससे संपर्क और कथित समझौता किए बिना अपना काम न करें। इसमें न्यू बिरसा साइडिंग में अवैध कोयला खनन का जिक्र करते हुए संजय करमाली और सोनाराम मांझी पर आरोप लगाए गए हैं और पुलिस-प्रशासन से इसकी जांच की मांग भी की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल दुबे का गिरोह रांची, रामगढ़ और हजारीबाग जैसे इलाकों में सक्रिय है और बिल्डरों व कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए जाना जाता है। माना जाता है कि वह विदेश में रहकर व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए अपना नेटवर्क चलाता है। हाल के दिनों में पुलिस ने कई छापेमारी कर इस गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार भी किया है।
इनपुट: IANS



