हरदोई: गंगा में स्नान करते समय तीन कांवड़िए बहे, एक को बचाया गया, दो की तलाश में जुटी SDRF टीम
उत्तर प्रदेश के हरदोई में सावन के पहले सोमवार को गंगा स्नान करने गए तीन कांवड़ियों के लिए यह दिन एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। कन्नौज से लौटते समय अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर घाट पर नहाते हुए तीनों…
उत्तर प्रदेश के हरदोई में सावन के पहले सोमवार को गंगा स्नान करने गए तीन कांवड़ियों के लिए यह दिन एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। कन्नौज से लौटते समय अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर घाट पर नहाते हुए तीनों युवक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से एक युवक को तो बचा लिया गया, लेकिन दो अन्य लापता हो गए, जिनकी तलाश के लिए बड़ा अभियान चलाया जा रहा है।
यह घटना सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। अरवल के ही चौसार गांव के रहने वाले नारद, ऋषि और शिवम, कन्नौज के गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में वे कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान के लिए रुके, तभी तेज धारा में संतुलन खो बैठे और डूबने लगे।
बचाव कार्य और प्रशासनिक कार्रवाई
घाट पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, पर नारद और ऋषि को नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलते ही सवायजपुर के उप जिलाधिकारी अंकित तिवारी, थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह और फायर विभाग के अधिकारियों समेत प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता युवकों की तलाश में लगातार जुटी हुई है और सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई और लापता युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, इसलिए वे केवल पुलिस द्वारा चिह्नित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और पूरी सावधानी बरतें।
इनपुट: IANS



