हरदोई: कारोबारी के घर 1.29 करोड़ की चोरी का पर्दाफाश, तीन नौकरों ने ही रची थी पूरी साज़िश
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक कारोबारी के घर से हुई सवा करोड़ रुपये से ज़्यादा की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे कारोबारी के ही तीन नौकरों का हाथ निकला, जिन्होंने…
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक कारोबारी के घर से हुई सवा करोड़ रुपये से ज़्यादा की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे कारोबारी के ही तीन नौकरों का हाथ निकला, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया था। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में तीन नौकरों समेत कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और लगभग 1.29 करोड़ रुपये की नकदी बरामद कर ली है।
मामला हरदोई के रेलवेगंज इलाके का है, जहाँ कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर 16 और 17 जुलाई की दरमियानी रात चोरी हुई थी। अग्रवाल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में सीधे तौर पर अपने तीन नौकरों पर शक जताया था, जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऐसे दिया गया चोरी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि घर में रखे भारी कैश को देखकर नौकरों की नीयत खराब हो गई थी। उन्होंने एक योजना के तहत घर के सभी सदस्यों के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया, तो नौकरों ने अपने बाकी साथियों को बुला लिया। ये साथी एक वैन और एक 'छोटा हाथी' जैसे वाहन लेकर मौके पर पहुँचे और नकदी से भरे बैग लादकर फरार हो गए।
14 गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने शनिवार देर रात इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मामले को सुलझाने के लिए एसओजी, स्वाट और स्थानीय पुलिस की तीन टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने 25 जुलाई को कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस के अनुसार, नौकरों ने सबसे पहले दो नाबालिगों से संपर्क साधा था। एक-एक कर सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आते गए। गिरफ्तार किए गए लोगों में अजय शुक्ला, विशाल उर्फ गोलू, शोभित, बदन, केशव, शिवम, नीरज, परम किशोर, सनी वाल्मीकि, प्रिंस, दीपक साहू, सनी गुप्ता, अमान और महफूज उर्फ लाली शामिल हैं। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी पुलिस ने अपनी सुरक्षा में लिया है।
इनपुट: IANS



