गुरूवार, 30 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
अपराध

झारखंड: डायन बताकर महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी ने 2025 में भी किया था हमला

झारखंड के गुमला में अंधविश्वास के चलते एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी को शक था कि महिला डायन है और उसी ने उस पर जादू-टोना कर बीमार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस…

झारखंड: डायन बताकर महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी ने 2025 में भी किया था हमला
(फोटो: IANS)

झारखंड के गुमला में अंधविश्वास के चलते एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी को शक था कि महिला डायन है और उसी ने उस पर जादू-टोना कर बीमार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस स्टेशन जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

विज्ञापन

यह दिल दहला देने वाली घटना गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के खटगांव की है। गुरुवार को 40 वर्षीय तारामुनी देवी गांव के स्कूल के पास बर्तन साफ कर रही थीं। तभी डुंगडुंग नाम का एक ग्रामीण वहां कुल्हाड़ी (टांगी) लेकर पहुंचा और उन पर डायन होने का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गहरे घाव लगने से तारामुनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला

मृतका के पति अनमोल केरकेट्टा ने आरोपी के खिलाफ पालकोट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है जब आरोपी ने ऐसा किया। मृतका के भतीजे रंजीत केरकेट्टा ने बताया कि आरोपी ने साल 2025 में भी तारामुनी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था। उस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हुई थीं, लेकिन उनकी जान बच गई थी। तब पुलिस ने आरोपी से एक बॉन्ड भरवाकर उसे छोड़ दिया था।

मिर्गी की बीमारी को मानता था जादू-टोना

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले तीन साल से मिर्गी की बीमारी से जूझ रहा था। उसे वहम हो गया था कि तारामुनी देवी ने ही उस पर जादू-टोना (डायन-बिसाही) किया है, जिसकी वजह से वह बीमार रहता है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी लगातार महिला को डायन बताकर जान से मारने की धमकियां देता रहता था।

पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच चल रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social क्राइम डेस्क

News4Social क्राइम डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अपराध और कानून से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →