ग्रेटर नोएडा: फैक्ट्री में आग बुझाने गए दो फायरकर्मियों की दीवार गिरने से मौत, तीन घायल
ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली एक कंपनी में लगी भीषण आग को बुझाने के दौरान एक दीवार ढह जाने से दो फायरकर्मियों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हादसे में तीन अन्य…
ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली एक कंपनी में लगी भीषण आग को बुझाने के दौरान एक दीवार ढह जाने से दो फायरकर्मियों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हादसे में तीन अन्य फायरकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना गौतमबुद्ध नगर के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में स्थित आईएलजीआईएम कंपनी की है। पुलिस और फायर विभाग को 3 और 4 अगस्त 2026 की दरमियानी रात करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
राहत कार्य के दौरान हुआ हादसा
फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन इसी दौरान कंपनी की एक दीवार और लोहे का एक भारी बीम अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से राहत कार्य में जुटे पांच फायरकर्मी मलबे में दब गए।
घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल थे। सभी को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
जांच के आदेश, सुरक्षा मानकों पर सवाल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी चिप बनाने का काम होता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फायर विभाग के अफसर और एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम मौके पर पहुंच गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस बात की भी जांच की जाएगी कि कंपनी में सुरक्षा के मानकों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल, इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इनपुट: IANS



