EPFO में नौकरी का मौका: ऑडिट विभाग में 74 पदों पर भर्ती, आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक अहम अवसर है, लेकिन आवेदन के लिए अब कुछ ही दिन बाकी हैं। संगठन ने डेपुटेशन के आधार पर ऑडिट विभाग में उप निदेशक…
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक अहम अवसर है, लेकिन आवेदन के लिए अब कुछ ही दिन बाकी हैं। संगठन ने डेपुटेशन के आधार पर ऑडिट विभाग में उप निदेशक और ऑडिटर समेत कुल 74 पदों के लिए भर्तियां निकाली हैं, जिनकी आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त को समाप्त हो रही है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 जून से ही शुरू हो गए थे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 14 अगस्त की शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
पदों का विवरण और चयन प्रक्रिया
EPFO द्वारा जारी इस भर्ती अभियान में कुल 74 रिक्तियां शामिल हैं। इनमें उप निदेशक (ऑडिट) के 7, सहायक निदेशक (ऑडिट) के 9, सहायक ऑडिट अधिकारी (AAO) के 18 और ऑडिटर के 40 पद हैं। इन पदों पर चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार पे-मैट्रिक्स लेवल 6 से 11 के बीच वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए कुछ खास योग्यताएं तय की गई हैं। उदाहरण के लिए, उप निदेशक (ऑडिट) पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री, IA&AD द्वारा आयोजित एसएएस परीक्षा पास करने का प्रमाण और ऑडिट व वित्तीय मामलों का अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए बीकॉम डिग्रीधारकों को प्राथमिकता दी जाएगी। अन्य सभी पदों के लिए भी संबंधित क्षेत्र में अनुभव अनिवार्य है। समाचार एजेंसी के अनुसार, आवेदकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर होगी।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवारों को सबसे पहले EPFO की वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन गूगल फॉर्म भरना होगा। सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन के बाद, उन्हें रजिस्ट्रेशन फॉर्म की एक हार्ड कॉपी निकालनी होगी। इस हार्ड कॉपी को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ एक लिफाफे में डालकर डाक के माध्यम से भेजना होगा। लिफाफा 'श्री विक्रम सिंह, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II (भर्ती प्रभाग), कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, मुख्यालय, प्लेट ए, ग्राउंड फ्लोर, ब्लॉक II, ईस्ट किदवई नगर, नई दिल्ली-110023' के पते पर 14 अगस्त की शाम 5 बजे तक पहुंच जाना चाहिए।
इनपुट: IANS



