DRDO-ADA में 111 पदों पर भर्ती: आवेदन की अंतिम तिथि 13 अगस्त, जानें पूरी प्रक्रिया
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के तहत आने वाली वैमानिकी विकास एजेंसी (ADA) में प्रोजेक्ट असिस्टेंट के 111 पदों पर आवेदन करने का मौका हाथ से निकलने वाला है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया…
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के तहत आने वाली वैमानिकी विकास एजेंसी (ADA) में प्रोजेक्ट असिस्टेंट के 111 पदों पर आवेदन करने का मौका हाथ से निकलने वाला है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 अगस्त को शाम 5 बजे बंद हो जाएगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतज़ार किए बिना ADA की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें।
यह भर्ती विभिन्न इंजीनियरिंग विषयों के लिए की जा रही है, जिसके तहत चुने गए उम्मीदवारों को हर महीने 31,000 से 37,000 रुपए के बीच वेतन और अन्य भत्ते दिए जाएंगे। यह नियुक्ति शुरुआत में दो साल के लिए होगी, जिसे बाद में प्रदर्शन के आधार पर दो और वर्षों के लिए बढ़ाया जा सकता है।
पद और योग्यता की शर्तें
कुल 111 रिक्तियों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए सबसे ज़्यादा 43 पद हैं। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन के 20, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के 20, कंप्यूटर साइंस के 15, एयरोनॉटिकल के 10, सिविल के 2 और मेटलर्जी इंजीनियरिंग का 1 पद शामिल है।
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में BE/BTech के साथ वैध GATE स्कोर, IIT/NIT से ME/MTech, या BE/BTech के साथ 2 साल का अनुभव जैसी योग्यताएँ होनी चाहिए। पूरी जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध है।
आयु सीमा: आवेदन करने की अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 13 अगस्त 2024 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियाँ
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और/या इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू बेंगलुरु में आयोजित होंगे। एजेंसी द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, लिखित परीक्षा की संभावित तारीखें 16 अगस्त, 23 अगस्त या 30 अगस्त हो सकती हैं। ADA अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अंतिम तारीखों की घोषणा करेगा, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपडेट के लिए वेबसाइट देखते रहें।
इनपुट: IANS



