HDFC सिक्योरिटीज ऐप में बड़ी तकनीकी गड़बड़ी, निवेशकों के म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो में दिखी 70% तक की भारी गिरावट
एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के लाखों निवेशकों के लिए बुधवार की सुबह चौंकाने वाली रही, जब उन्होंने अपने म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो को 70 प्रतिशत तक गिरा हुआ पाया। यह भारी गिरावट किसी बाजार…
एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के लाखों निवेशकों के लिए बुधवार की सुबह चौंकाने वाली रही, जब उन्होंने अपने म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो को 70 प्रतिशत तक गिरा हुआ पाया। यह भारी गिरावट किसी बाजार संकट के कारण नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म पर नेट एसेट वैल्यू (NAV) दिखाने में हुई एक तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा थी। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस गड़बड़ी से कई ग्राहकों के पोर्टफोलियो में भारी घाटा दिखने लगा, जिससे उनमें बेचैनी फैल गई।
कई निवेशकों ने सोशल मीडिया पर इस समस्या की शिकायत की। एक यूजर ने बताया कि उनके निप्पॉन मल्टीकैप फंड की NAV 71% तक गिर गई। वहीं, एक अन्य निवेशक ने कहा कि उनके निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड (ग्रोथ) की NAV, जो पहले लगभग 185 थी, अचानक 111.1869 दिखने लगी। इस वजह से उनका कुल रिटर्न लगभग -30% हो गया।
तकनीकी खामी या कुछ और?
इस अप्रत्याशित गिरावट ने निवेशकों को चिंता में डाल दिया। एक निवेशक ने एजेंसी को बताया कि सुबह जब उन्होंने अपना म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो देखा, तो वह 30% के नुकसान में था और करीब एक लाख रुपये का घाटा दिखा रहा था, जबकि एक दिन पहले ही वह मुनाफे में था। उनके अनुसार, पोर्टफोलियो में मौजूद एक फंड की NAV तो सामान्य थी, लेकिन दूसरे की NAV 50% गिर गई थी, जिसका असर पूरे निवेश पर पड़ा।
जब परेशान ग्राहकों ने एचडीएफसी सिक्योरिटीज का ऐप खोला, तो उन्हें एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें लिखा था, "हम म्यूचुअल फंड एनएवी मुद्दे को लेकर काम कर रहे हैं।" हालांकि, इस मामले पर कंपनी की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बता दें कि एचडीएफसी सिक्योरिटीज देश की सबसे बड़ी ब्रोकरेज फर्मों में से एक है और इसकी वेबसाइट के अनुसार, इसके प्लेटफॉर्म पर 50 लाख से ज़्यादा ग्राहक हैं।
इनपुट: IANS



