ईरान-रूस संबंध: तनाव घटाने और साझेदारी बढ़ाने पर होगी तेहरान में अहम बैठक
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस सोमवार, 19 अक्टूबर को ईरान की राजधानी तेहरान का दौरा करेंगे, जहाँ वे अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से मुलाकात करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस सोमवार, 19 अक्टूबर को ईरान की राजधानी तेहरान का दौरा करेंगे, जहाँ वे अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से मुलाकात करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस उच्च-स्तरीय बैठक का मुख्य एजेंडा क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस यात्रा की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों विदेश मंत्रियों के बीच अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।
क्षेत्रीय तनाव और रणनीतिक सहयोग
बैठक में बातचीत का एक प्रमुख केंद्र बिंदु ईरान से जुड़ी मौजूदा स्थिति और तनाव कम करने के लिए रूस द्वारा उठाए जा रहे कदम होंगे। जखारोवा के अनुसार, रूस का मानना है कि पश्चिम एशिया में उसके मित्र देशों के सामने मौजूद तनावपूर्ण हालात अमेरिका और इजरायल की नीतियों और कदमों का नतीजा हैं।
इसके अलावा, लावरोव और अराघची की बैठक में उन समझौतों को लागू करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो हाल के महीनों में दोनों देशों के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई वार्ताओं में तय हुए थे।
साझेदारी को मजबूत करने पर जोर
दोनों राजनयिक तेहरान और मॉस्को के बीच हुए व्यापक रणनीतिक साझेदारी समझौते के तहत सहयोग बढ़ाने के लिए व्यावहारिक कदमों पर भी चर्चा करेंगे। इस बैठक को रूस और ईरान के बीच राजनीतिक, कूटनीतिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इनपुट: IANS



