दिल्ली: धौला कुआं फ्लाईओवर पर धू-धू कर जली चलती कार, यातायात हुआ प्रभावित
राजधानी दिल्ली के व्यस्त धौला कुआं फ्लाईओवर पर रविवार को एक चलती कार में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कार धू-धू…
राजधानी दिल्ली के व्यस्त धौला कुआं फ्लाईओवर पर रविवार को एक चलती कार में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना के कारण फ्लाईओवर पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के काम में जुट गईं। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
जांच जारी, कोई हताहत नहीं
इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के वक्त कार में कितने लोग सवार थे।
कुछ समय पहले, 4 सितंबर को भी दिल्ली में एक और सड़क हादसा हुआ था। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक पोल्ट्री ट्रक एक डंपर से टकरा गया था, जिसमें 35 वर्षीय ट्रक चालक अंशुल की मौत हो गई थी।
इनपुट: IANS



