देवास: शहीद पुलिस अधिकारी के परिवार को ₹1 करोड़ की मदद, पत्नी को SI की नौकरी, मामले पर सियासत तेज
मध्य प्रदेश के देवास जिले में शराब माफिया के ट्रक से कुचले जाने के कारण जान गंवाने वाले थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार को राज्य सरकार ने एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को…
मध्य प्रदेश के देवास जिले में शराब माफिया के ट्रक से कुचले जाने के कारण जान गंवाने वाले थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार को राज्य सरकार ने एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर भेजकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह घटना रविवार देर रात की है, जब खातेगांव के नगर निरीक्षक दिलीप पुरी हरदा से गुजरात जा रहे शराब से भरे एक ट्रक को रोकने की कोशिश कर रहे थे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इसी दौरान ट्रक ड्राइवर ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने प्रदेश में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर माफिया से सांठगांठ के आरोप लगा रहे हैं।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, "मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब 'खाकी' भी सुरक्षित नहीं है... जब कानून के रक्षकों की ही सरेआम हत्या हो रही हो तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की क्या उम्मीद करे?" वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि शराब माफिया पर लगाम कसने में सरकार क्यों नाकाम है और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है।
जवाब में, भाजपा ने मामले के तार सीधे कांग्रेस नेताओं से जोड़े हैं। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने आरोप लगाया कि प्रारंभिक जांच में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल की भूमिका सामने आई है। उन्होंने दावा किया, "टिमरनी की जिस शराब दुकान से इस पूरे मामले के तार जुड़े हैं, उसमें कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल पार्टनर हैं।" सारंग ने यह भी कहा कि जायसवाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के करीबी हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेश वाजपेई ने भी सवाल किया कि हर बार शराब माफिया के तार कांग्रेस से क्यों जुड़ते हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, "देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है।" उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।
इनपुट: IANS



