Delhi Weather News : मार्च में ही टपकने लगा पसीना! 24 घंटे में मिलने वाली है राहत, जानें मौसम का क्या है मूड

129

Delhi Weather News : मार्च में ही टपकने लगा पसीना! 24 घंटे में मिलने वाली है राहत, जानें मौसम का क्या है मूड

नई दिल्ली: आजकल दिल्ली-एनसीआर में सुबह 7 बजे इतनी गर्मी महसूस होने लगती है जैसे अप्रैल-मई का महीना हो। यही हाल कमोबेश पूरे उत्तर भारत का है। दिल्लीवाले हैरान हैं कि पिछले 10 दिनों में मौसम को क्या हो गया है? हर घर में गर्मी (Delhi Heat Wave) की चर्चा है। माथे से पसीना अभी से टपकने लगा है। एसी, फ्रिज, कूलर, पंखे की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। गर्मी का ट्रेलर देख लोगों को लग रहा है कि इस बार भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। लोग अभी से सर्विसिंग करा गर्मी से निपटने का हर इंतजाम कर रहे हैं। रविवार को दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन पर मौसम का सबसे अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। पीतमपुरा में पारा 40 को छू गया, तो पूर्वी दिल्ली के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 39.9 डिग्री दर्ज किया गया। हालत का अंदाजा लगाइए कि पिछले 30 वर्षों में केवल एक बार मार्च के महीने में सफदरजंग में पारा 40 डिग्री पहुंचा था। वह भी पिछले साल हुआ, जब 30 मार्च को 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। वह दिन 1945 के बाद राजधानी में सबसे गर्म मार्च डे के तौर पर रेकॉर्ड किया गया।

अब तक मार्च में बारिश नहीं
अब तक इस महीने की परिस्थितियां पिछले साल मार्च के महीने की तरह ही हैं। आसमान साफ होने के साथ शुष्क मौसम होने से उस दिन गर्मी ज्यादा महसूस होती है। अब तक मार्च के महीने में एक बार भी बारिश नहीं हुई है। अभी मार्च में 10 दिन और बाकी हैं और आशंका यह भी है कि पिछले साल का रिकॉर्ड टूट सकता है। मौसम विभाग की बात करें तो अगले दो-तीन दिनों में हवाएं चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।

सामान्य से पांच डिग्री ऊपर तापमान
IMD के अनुसार पिछले एक हफ्ते से दिन का तापमान सामान्य से कम से कम पांच डिग्री ऊपर रहा है। रविवार को नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री, जफरपुर में 38.5 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में भी अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक (21.2 डिग्री) दर्ज किया गया।
Heatwave In March: मार्च के महीने में कई साल बाद इतनी गर्मी, जानें कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम
राजस्थान से आई हवाओं ने बढ़ाई गर्मी
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने कहा, ‘तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में पूरब से हवाएं चलीं। रविवार को पश्चिम से आ रहीं हवाएं अपने साथ राजस्थान से गर्मी लेकर आईं और अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़ गया।’ शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है।

24 घंटे में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं जिससे अधिकतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस घट सकता है। मौसम जानकारों का कहना है कि मार्च में बारिश न होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों बढ़ गया। एक अधिकारी ने कहा कि अक्सर मार्च के महीने में एक या दो बार बारिश हो जाती है। चार साल के बाद मार्च में बारिश नहीं हो रही है। अगले छह दिनों में दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना नहीं है।

मार्च महीने में औसत बारिश 15.9 एमएम है और शहर ने मार्च 2021 में 3.6 एमएम, मार्च 2020 में 109.6 एमएम और मार्च 2019 में 12.2 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।

यहां तूफान भी आ रहा

उधर, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवात आसनी (Cyclone Asani) के कुछ घंटे में तूफान में तब्दील होने वाला है। अंडमान निकोबार में इसका असर दिखाई देने लगा है। यहां बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। आज शाम तक डिप्रेशन तेज होकर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। इस क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।



Source link