नोएडा में दिल्ली पुलिस का नकली सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, वर्दी और कई फर्जी पहचान पत्र बरामद
नोएडा में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बनकर घूम रहा था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, बैज, नेम प्लेट के अलावा…
नोएडा में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बनकर घूम रहा था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, बैज, नेम प्लेट के अलावा बड़ी संख्या में फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी की पहचान मथुरा निवासी 34 वर्षीय राहुल सिंह के रूप में हुई है, जो फिलहाल नोएडा के सेक्टर-117 में रह रहा था।
पुलिस को 23 अगस्त को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर संदिग्ध रूप से घूम रहा है। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-113 की टीम ने राहुल सिंह को सेक्टर-117 सर्विस रोड के पास से पकड़ लिया।
तलाशी में क्या-क्या मिला?
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की पूरी वर्दी मिली, जिसमें बैज, स्टार, नेम प्लेट, बेल्ट और जूते-मोजे शामिल थे। इसके अलावा, जांच में उसके पास से दिल्ली पुलिस के सात अलग-अलग आई-कार्ड, एक कैंटीन स्मार्ट कार्ड, सात एटीएम/क्रेडिट कार्ड, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक मेट्रो कार्ड भी बरामद किया गया।
अधिकारियों ने आरोपी से एक आईफोन 17 प्रो मोबाइल और उसकी आई-20 कार भी जब्त कर ली है।
जांच में इन सवालों के जवाब तलाशेगी पुलिस
पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि वह नकली पुलिस अधिकारी बनकर क्या करना चाहता था। अधिकारी इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि बरामद सात फर्जी पुलिस आई-कार्ड का इस्तेमाल कहीं धोखाधड़ी, लोगों को धमकाने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि के लिए तो नहीं किया गया। आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
इनपुट: IANS



