नोएडा: वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़, 16 मुकदमों का आरोपी बदमाश गोली लगने से घायल
नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, घायल बदमाश की पहचान 28 वर्षीय शिवम उर्फ शुभम राजपू…
नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, घायल बदमाश की पहचान 28 वर्षीय शिवम उर्फ शुभम राजपूत के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में लगभग डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना उस वक्त हुई जब सेक्टर-63 थाने की पुलिस टीम देर रात गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक आती दिखी, जिसका सवार पुलिस को देखते ही भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया, जिस दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, बाइक से गिरने के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि आरोपी शिवम सेक्टर-63 के आश्रम क्षेत्र का ही रहने वाला है। मौके से पुलिस को एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक .315 बोर का अवैध तमंचा और कुछ कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इनपुट: IANS



