दिल्ली में स्वाइन फ्लू का प्रकोप: पिछले साल से छह गुना ज़्यादा मामले, सरकार ने कहा- हम तैयार हैं
दिल्ली में इस साल एच1एन1 इन्फ्लूएंजा यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में भारी उछाल देखा गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष अब तक स्वाइन फ्लू के 1344 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो…
दिल्ली में इस साल एच1एन1 इन्फ्लूएंजा यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में भारी उछाल देखा गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष अब तक स्वाइन फ्लू के 1344 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो पिछले साल इसी अवधि के 229 मामलों की तुलना में लगभग छह गुना अधिक हैं। मामलों में इस तेज वृद्धि के बीच दिल्ली सरकार ने लोगों को आश्वस्त किया है कि स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि अस्पतालों में मरीजों का उचित इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अस्पतालों में दवाओं, बेड और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था की है। मंत्री के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग मई महीने से ही इस पर सक्रियता से काम कर रहा है और किसी भी मरीज में लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज और भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार का पक्ष
हेल्थकेयर उपकरणों से जुड़े दिल्ली उच्च न्यायालय के एक फैसले का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "पिछली सरकार ने कुछ हेल्थकेयर मशीनें खरीदी थीं, जबकि उन्हें चलाने के लिए न तो कोई विशेषज्ञ थे और न ही प्रशिक्षित स्टाफ था।" उन्होंने इसे दिल्ली के लोगों के लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक स्थिति बताया।
मंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद स्टाफ की कमी को दूर करने और पुराने पड़े उपकरणों की मरम्मत कराकर उन्हें जनता के उपयोग में लाने पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा, "11 साल की समस्या को दूर करने में थोड़ा वक्त तो लगेगा ही। हमने बेड की संख्या बढ़ाई है, वेंटिलेटर का इस्तेमाल किया है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली का स्वास्थ्य विभाग लोगों के लिए ठीक से काम कर रहा है।
इनपुट: IANS



