सोमवार, 24 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
स्वास्थ्य

दिल्ली में H1N1 का बढ़ता ख़तरा, सफदरजंग अस्पताल ने कहा - हम पूरी तरह तैयार

दिल्ली में इस साल स्वाइन फ्लू (H1N1) और इन्फ्लूएंजा-ए के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके चलते स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी में अब…

दिल्ली में H1N1 का बढ़ता ख़तरा, सफदरजंग अस्पताल ने कहा - हम पूरी तरह तैयार
(फोटो: IANS)

दिल्ली में इस साल स्वाइन फ्लू (H1N1) और इन्फ्लूएंजा-ए के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके चलते स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी में अब तक H1N1 के 1,777 से ज़्यादा और इन्फ्लूएंजा-ए के 2,300 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। बढ़ते खतरे को देखते हुए दिल्ली सरकार ने पहले ही एक पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की थी।

विज्ञापन

इसी क्रम में, दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ने मौसमी बीमारियों और विशेष रूप से स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए अपनी तैयारियों की जानकारी दी है। अस्पताल प्रशासन ने एक बयान में कहा, "अस्पताल स्वाइन फ्लू (एच1एन1) और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए तैयार है। यहां दवाएं, इलाज की सुविधाएं और जरूरी देखभाल उपलब्ध है।"

जांच और इलाज की क्या है व्यवस्था?

अस्पताल के मुताबिक, इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण वाले मरीज़ों की जांच की जाती है और उन्हें समय पर इलाज के लिए प्राथमिकता दी जाती है। बयान में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मरीज़ों का इलाज मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुसार किया जाता है। अस्पताल लगातार स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और सभी आवश्यक इंतज़ाम सुनिश्चित कर रहा है।

सरकार की सक्रियता और एडवाइजरी

मामलों में वृद्धि के बाद अधिकारियों ने लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों के निकट संपर्क से बचने की सलाह दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, H1N1 के आम लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, नाक बहना, शरीर में दर्द और थकान शामिल हैं। लोगों से कहा गया है कि यदि फ्लू जैसे लक्षण गंभीर हों या लंबे समय तक बने रहें तो डॉक्टर से संपर्क करें।

शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की अध्यक्षता में दिल्ली की स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक भी हुई थी। दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अस्पतालों में बेड, दवाइयों और मेडिकल सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social हेल्थ डेस्क

News4Social हेल्थ डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से स्वास्थ्य से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →