दिवाली पर नागपुर-मुंबई का सफ़र होगा आसान, सेंट्रल रेलवे ने की 12 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा
दिवाली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने एक अहम कदम उठाया है। विदर्भ से मुंबई आने-जाने वाले लोगों को राहत देने के लिए 5 से 13 नवंबर के बीच विशेष ट्रेनें…
दिवाली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने एक अहम कदम उठाया है। विदर्भ से मुंबई आने-जाने वाले लोगों को राहत देने के लिए 5 से 13 नवंबर के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का ऐलान किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन तारीखों के दौरान दो अलग-अलग स्पेशल ट्रेनें कुल 12 फेरे लगाएंगी।
इन ट्रेनों की बुकिंग 4 नवंबर, 2026 से सभी PRS केंद्रों और IRCTC की वेबसाइट पर शुरू हो जाएगी, जिसके लिए विशेष शुल्क लागू होगा। रेलवे ने यात्रियों से कन्फर्म टिकट के साथ ही यात्रा करने की अपील की है ताकि त्योहारी भीड़ में असुविधा से बचा जा सके।
LTT और नागपुर के बीच स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 01083 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से 6, 8, 11 और 13 नवंबर 2026 को शाम 5:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:00 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 01084 नागपुर से 5, 7, 10 और 12 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6:15 बजे LTT पहुंचेगी। इस ट्रेन में चार AC-2 टियर, आठ AC-3 टियर और छह स्लीपर कोच होंगे। यह ट्रेन ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, अकोला और वर्धा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
CSMT से नागपुर के लिए अतिरिक्त फेरे
दूसरी स्पेशल ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 01085 CSMT से 7 और 9 नवंबर को दोपहर 3:25 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:00 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 01086 नागपुर से 8 और 10 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:25 बजे CSMT पहुंचेगी। इस ट्रेन में दो AC-2 टियर, छह AC-3 टियर, चार स्लीपर और दो जनरल कोच होंगे। इसका ठहराव दादर, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, अकोला और वर्धा जैसे स्टेशनों पर होगा।
इनपुट: IANS



