अमिताभ बच्चन-तुषार कपूर को मिली धमकियों पर शिवसेना का बयान, कहा— मुंबई में हर नागरिक सुरक्षित
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन और तुषार कपूर को हाल ही में मिली धमकियों के बाद मुंबई की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों पर शिवसेना ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि…
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन और तुषार कपूर को हाल ही में मिली धमकियों के बाद मुंबई की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों पर शिवसेना ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि शहर पूरी तरह से सुरक्षित है और सरकार हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शिवसेना नेता आनंद दुबे ने इन घटनाओं पर बात करते हुए कहा कि राज्य और देश में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में है। उन्होंने भरोसा दिलाया, "जो भी अशांति फैलाने या अपराध करने की हिम्मत करेगा, उसे पकड़कर जेल में डाला जाएगा। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुंबई के हर नागरिक को सुरक्षा देना हमारी सरकार का कर्तव्य और जिम्मेदारी है।"
क्यों उठे सुरक्षा पर सवाल?
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में बॉलीवुड की दो बड़ी हस्तियों को धमकी मिलने की खबरें सामने आई हैं। रविवार को अभिनेता अमिताभ बच्चन को अपने जुहू स्थित बंगले 'जलसा' के बाहर प्रशंसकों का अभिवादन एक बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से करते देखा गया। बताया जा रहा है कि यह कदम उनके घर पर हमले की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद उठाया गया।
इसके अलावा, अभिनेता तुषार कपूर को भी एक ऑडियो संदेश भेजकर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। आनंद दुबे ने बताया कि तुषार कपूर को मिली धमकी के मामले में पुलिस अपनी जांच कर रही है।
'मुंबई पुलिस सक्षम है'
शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने भी मुंबई पुलिस की क्षमताओं पर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अमिताभ बच्चन जैसी बड़ी हस्तियों समेत सभी नागरिकों की सुरक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है।
शाइना एनसी ने सुरक्षा उपायों पर विस्तार से बताया, "दुनियाभर में वीवीआईपी सुरक्षा के लिए एक तय प्रोटोकॉल होता है। अगर अधिकारियों को किसी तरह का खतरा महसूस होता है, तो घर के बाहर तैनात मुंबई पुलिस के जवान और निजी सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सुरक्षा के उपाय सुझाते हैं।" उन्होंने कहा कि पारदर्शी बुलेटप्रूफ ग्लास लगाना या कोई अन्य उपाय, ये सभी कदम सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए उठाए जाते हैं और यह सभी के हित में है।
इनपुट: IANS



