बंबीहा गैंग के 3 वॉन्टेड अपराधी मलेशिया से भारत लाए गए, दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से दविंदर बंबीहा…
अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से दविंदर बंबीहा गैंग के तीन वॉन्टेड सदस्यों को मलेशिया से डिपोर्ट कराने में कामयाबी हासिल की है। पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा की।
इन तीनों अपराधियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए इन्हें पंजाब लाया जा रहा है।
गंभीर अपराधों में शामिल
पंजाब पुलिस के अनुसार, ये तीनों कई संगीन मामलों में आरोपी हैं। इन पर हत्या, जबरन वसूली और विस्फोटक पदार्थ रखने जैसे गंभीर आरोप हैं। इसके अलावा, इन पर लुधियाना में एक सुनियोजित हैंड-ग्रेनेड धमाके में शामिल होने का भी आरोप है, जिसके तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े बताए जाते हैं।
अपराध के खिलाफ पुलिस का संकल्प
इस गिरफ्तारी पर डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा, "भगोड़े चाहे कहीं भी छिपे हों, हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे और कानून के दायरे में लाएंगे।" डीजीपी ने यह भी दोहराया कि पुलिस पूरे पंजाब में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध को मिटाने और राज्य में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इससे पहले, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने भी एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया था। उस कार्रवाई में पुलिस के एक ठिकाने को निशाना बनाने की योजना को विफल करते हुए 690 ग्राम वजन का एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया गया था, जिसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया था।
इनपुट: IANS



