UAPA के तहत 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' आतंकी संगठन घोषित, गृह मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत एक और बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने 'शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN)' को विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1967 (UAPA) के तहत एक…
केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत एक और बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने 'शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN)' को विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1967 (UAPA) के तहत एक आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस फैसले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए दी।
अमित शाह ने अपने पोस्ट में लिखा, "आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्रालय ने 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' को यूएपीए के तहत एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है।" उन्होंने बताया कि यह समूह भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और सांप्रदायिक सद्भाव को निशाना बना रहा था।
क्यों लगाया गया प्रतिबंध?
गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' कई गंभीर राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया। यह संगठन सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। इसके अलावा, यह नेटवर्क युवाओं और छोटे-मोटे अपराधियों को आतंकवाद की ओर उकसाने और कट्टरपंथी बनाने का काम भी कर रहा था। सरकार ने बताया कि इस नेटवर्क के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग
अधिसूचना में इस बात का भी जिक्र है कि यह संगठन नफरत फैलाने वाला डिजिटल कंटेंट प्रकाशित करता था और विभिन्न डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर भड़काऊ संदेश फैलाता था। इसका मकसद लोक व्यवस्था को भंग करना और हिंसक गतिविधियों के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देना था, जिसे देश की अखंडता के लिए एक गंभीर चुनौती माना गया।
UAPA की सूची में 46वां संगठन
इस घोषणा के साथ ही, 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' को UAPA अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल कर लिया गया है, जिसमें आतंकवादी संगठनों की सूची है। यह इस सूची में शामिल होने वाला 46वां संगठन है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसे विश्वास है कि यह नेटवर्क आतंकवाद में लिप्त है और भारत में आतंकवाद के कई कृत्यों में शामिल रहा है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
इनपुट: IANS



