झारखंड: चतरा में SP आवास के बाहर दिनदहाड़े गोलीबारी, एक सुरक्षा गार्ड की मौत
झारखंड के चतरा शहर में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस अधीक्षक (SP) के आवास के ठीक सामने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में एक निजी सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS…
झारखंड के चतरा शहर में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस अधीक्षक (SP) के आवास के ठीक सामने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में एक निजी सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने गोली चलाने के आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह घटना दो निजी सुरक्षा गार्डों के बीच हुए आपसी विवाद का नतीजा है। विवाद बढ़ने पर एक गार्ड ने दूसरे पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गार्ड की पहचान और विवाद की असली वजह अभी तक आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।
पुलिस की जांच और बरामदगी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस और कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के साथ ही घटनास्थल के पास खड़ी एक फोर्ड एंडेवर कार भी जब्त की है। बताया जा रहा है कि यह कार चतरा बाईपास का निर्माण कर रही एक कंपनी के संचालक की है। पुलिस सूत्रों ने वाहन से कुछ हथियार बरामद होने की भी जानकारी दी है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है।
हर पहलू से जांच जारी
मामले की गहराई से छानबीन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ चश्मदीदों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि यह घटना सिर्फ आपसी विवाद थी या इसके पीछे कोई और मकसद था। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट: IANS



