CGST अधिकारी 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, CBI को घर से लाखों कैश और संपत्ति के कागज़ात मिले
मुंबई में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के एक अधीक्षक को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक निजी कंपनी से ऑडिट के मामले…
मुंबई में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के एक अधीक्षक को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक निजी कंपनी से ऑडिट के मामले को रफा-दफा करने के बदले में लाखों रुपये मांगने का आरोप है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, सीबीआई ने यह कार्रवाई एक निजी कंपनी के निदेशक की लिखित शिकायत पर की।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि सीजीएसटी अधीक्षक ने 26 नवंबर 2025 को उनकी कंपनी का ऑडिट किया था। इसके बाद अधिकारी ने कथित तौर पर कंपनी पर 98 लाख रुपये के फर्जी टैक्स बकाया का दावा करने की धमकी दी। इस मामले को निपटाने के लिए शुरुआत में 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
जाल बिछाकर पकड़ा गया अधिकारी
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, काफी बातचीत के बाद, आरोपी अधिकारी कथित टैक्स देनदारी को कम करने के एवज में 17 लाख रुपये की रिश्वत लेने पर राजी हुआ। इस रकम की पहली किश्त के तौर पर 5 लाख रुपये 22 दिसंबर 2025 को देने की मांग की गई थी। इसी सूचना के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और अधीक्षक को रिश्वत की यह रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
घर से मिली लाखों की नकदी और संपत्ति
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी के मुंबई स्थित आवास पर तलाशी ली। इस दौरान घर से 18.30 लाख रुपये की ऐसी नकदी बरामद हुई, जिसका कोई हिसाब नहीं मिला। इसके अलावा, तलाशी में दो संपत्तियों की खरीद से जुड़े दस्तावेज़ भी मिले। इनमें से एक संपत्ति अप्रैल 2025 में 40.31 लाख रुपये में और दूसरी जून 2024 में 32.10 लाख रुपये में खरीदी गई थी।
एजेंसी ने आरोपी लोक सेवक के दफ्तर की भी तलाशी ली और निजी कंपनी से संबंधित ऑडिट रिपोर्ट से जुड़े डिजिटल सबूत जब्त किए। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



