यूपी: ₹5 लाख के लोन के बदले मांगी ₹45,000 की घूस, बैंक मैनेजर और क्रेडिट अफसर CBI के शिकंजे में
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सरकारी योजना के तहत मिले लोन की पूरी राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बैंक ऑफ बड़ौदा के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सरकारी योजना के तहत मिले लोन की पूरी राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बैंक ऑफ बड़ौदा के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई कोइरीपुर शाखा के ब्रांच मैनेजर और एक क्रेडिट अधिकारी के खिलाफ की गई है। दोनों पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के एक लाभार्थी से रिश्वत मांगने का आरोप है।
सीबीआई ने यह मामला 13 जुलाई को एक शिकायतकर्ता की अर्जी पर दर्ज किया था। शिकायत में कहा गया था कि बैंक ने उसका 5 लाख रुपये का लोन तो स्वीकृत कर दिया था, लेकिन पूरी रकम जारी नहीं की जा रही थी। आरोप है कि लोन का सावधि (टर्म लोन) हिस्सा खाते में भेज दिया गया, लेकिन ओवरड्राफ्ट (ओडी) सुविधा को रोक लिया गया था।
साजिश और रंगे हाथ गिरफ्तारी
शिकायत के अनुसार, शाखा प्रबंधक और क्रेडिट अधिकारी ने ओवरड्राफ्ट की राशि जारी करने के लिए लाभार्थी से 45,000 रुपये की घूस की मांग की। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने मंगलवार को जाल बिछाया। एजेंसी ने आरोपी क्रेडिट अधिकारी को शिकायतकर्ता से 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच में पाया गया कि यह घूस ब्रांच मैनेजर की मिलीभगत से ली जा रही थी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को लखनऊ स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। सीबीआई ने हाल ही में रिश्वतखोरी के एक अन्य मामले में शिलांग में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के एक परियोजना निदेशक और दो अन्य निजी व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया था, जहां बिल पास करने के लिए 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
इनपुट: IANS



