RSS की बेलगावी में अहम बैठक: शताब्दी वर्ष, शाखा विस्तार और राष्ट्रीय मुद्दों पर मंथन शुरू
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक शुक्रवार को कर्नाटक के बेलगावी में आरंभ हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में संघ के भविष्य के कार्यक्रम
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक शुक्रवार को कर्नाटक के बेलगावी में आरंभ हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में संघ के भविष्य के कार्यक्रमों, संगठनात्मक विस्तार और देश के मौजूदा हालात पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में संघ के शीर्ष नेतृत्व की पूरी भागीदारी है। इसमें सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले समेत सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय स्तर के पदाधिकारी और देश के सभी 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक व सह प्रचारक हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा, संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी इस मंथन में शामिल हुए हैं।
बैठक के प्रमुख एजेंडे
संघ के अनुसार, इस बैठक का मुख्य केंद्र संगठन के शताब्दी वर्ष से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति तय करना है। इस दौरान 20 अक्टूबर 2026 (विजयादशमी) तक के लिए प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार होगा। साथ ही, संघ के शताब्दी वर्ष में हुए शाखा विस्तार की समीक्षा की जाएगी और आने वाले समय में इसे और बढ़ाने की योजना बनाई जाएगी।
बैठक में हाल ही में संपन्न हुए विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों की रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी और शाखा स्तर पर तैयार की गई कार्ययोजना के अमल का मूल्यांकन किया जाएगा। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के वर्ष 2026-27 के प्रवास कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होनी है।
समसामयिक विषयों पर भी होगी चर्चा
संघ के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें जातिगत जनगणना जैसे समसामयिक और महत्वपूर्ण विषय शामिल हो सकते हैं, जिन पर संगठन अपनी भावी रणनीति तय करेगा। हालांकि, राम मंदिर से जुड़ा विषय आधिकारिक एजेंडे में नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस पर भी बात हो सकती है। यह बैठक संगठन के आगामी दिशा-निर्देशों को तय करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इनपुट: IANS



