भारी बारिश का अलर्ट: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर और यूपी के लखीमपुर खीरी में स्कूल बंद
उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तराखंड के उधम सिंह नगर और उत्तर…
उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तराखंड के उधम सिंह नगर और उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 2 सितंबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। दोनों जिलों में प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखने की अपील की है।
उत्तराखंड में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 1 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे एक पूर्वानुमान जारी किया था, जिसमें राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट की घोषणा की गई। इस अलर्ट में गरज के साथ बिजली चमकने और भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है।
इसी के मद्देनजर, उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष के तौर पर एक आदेश जारी किया। आदेश के तहत, 2 सितंबर, बुधवार को जिले के सभी सरकारी, अर्द्ध-सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए अवकाश रहेगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
लखीमपुर खीरी में भी स्कूलों पर ताला
पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में भी लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में अवकाश का फैसला लिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने आदेश जारी कर बताया कि 2 सितंबर को जिले के सभी बोर्ड (परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई आदि) के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे।
शिक्षकों को स्कूल आने का निर्देश
हालांकि, दोनों ही जिलों में छुट्टी सिर्फ छात्रों के लिए है। उधम सिंह नगर में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्य करेंगे। इसी तरह, लखीमपुर खीरी में भी सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को स्कूल आकर अपार आईडी, डीबीटी और यू-डायस जैसे विभागीय कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है। उत्तराखंड में आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इनपुट: IANS



