केदारताल ट्रैकिंग हादसा: हिमस्खलन में दबे चार ट्रैकर्स के शव बरामद, दो की पहचान हुई
उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आए आठ सदस्यीय ट्रैकिंग दल के चार सदस्यों के शव बरामद कर लिए गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को बचाव अभियान…
उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आए आठ सदस्यीय ट्रैकिंग दल के चार सदस्यों के शव बरामद कर लिए गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को बचाव अभियान के दौरान SDRF और NIM की संयुक्त टीम ने लगभग चार हजार मीटर की ऊंचाई पर इन शवों को खोज निकाला। मृतकों में दो युवतियों की पहचान लखनऊ निवासी के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
जिला आपदा प्रबंधन के मुताबिक, बुधवार को दिनभर चले अभियान में हेलीकॉप्टर के माध्यम से चारों शवों को केदारताल से उत्तरकाशी के मातली हेलीपैड लाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में परिजनों ने दो शवों की पहचान गायत्री पुरम, विकासनगर, लखनऊ की रहने वाली वर्तिका वर्मा (28) और दीपिका वर्मा (29) के तौर पर की। पुलिस ने पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य दो शवों की पहचान के लिए उनके परिजन उत्तरकाशी पहुंच रहे हैं।
गुरुवार को फिर शुरू होगा खोज अभियान
बुधवार को बचाव अभियान दोपहर तीन बजे समाप्त कर दिया गया था, जिसके बाद टीम बेस कैंप लौट आई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे ऑपरेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दल के बाकी चार लापता सदस्यों की तलाश के लिए गुरुवार, 5 नवंबर को मौसम ठीक रहने पर फिर से खोज अभियान चलाया जाएगा। इस आठ सदस्यीय दल में सात ट्रैकर और एक गाइड शामिल थे जो हादसे का शिकार हो गए थे।
ऐसे चला बचाव अभियान
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे देहरादून से एक हेलीकॉप्टर ने बचाव दल के लिए लगभग 50 किलोग्राम राशन, ब्यूटेन गैस और अन्य आवश्यक सामग्री के साथ केदारताल क्षेत्र के लिए उड़ान भरी। इसके बाद हेलीकॉप्टर ने कई चक्कर लगाकर शवों को मातली हेलीपैड तक पहुंचाया। इस दौरान मातली हेलीपैड पर जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन, SDRF, NDRF, ITBP और मेडिकल टीमें आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ मुस्तैद रहीं।
इनपुट: IANS



