शनिवार, 28 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
उत्तराखण्ड

उत्तराखंड: उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण आग, 58 परिवार बेघर, 33 मकान जले

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है। इस अग्निकांड में 33 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। समाचार…

उत्तराखंड: उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण आग, 58 परिवार बेघर, 33 मकान जले
(फोटो: IANS)

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है। इस अग्निकांड में 33 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति या मवेशी की जान जाने की खबर नहीं है।

विज्ञापन

हालांकि, आग बुझाने के प्रयास में एक व्यक्ति घायल हो गया। उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह के रूप में हुई है, जो आग बुझाते समय गिरने से चोटिल हो गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लपटों ने गांव के एक स्कूल और पंचायत भवन को भी अपनी चपेट में ले लिया, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

प्रशासन की कार्रवाई और राहत के प्रयास

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन अधिकारी के निर्देशन में आपातकालीन केंद्र ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी चीजों की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों को प्रभावितों के लिए सुरक्षित आश्रय और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, शेल्टर बनाने और राहत शिविर की व्यवस्था के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दिए हरसंभव मदद के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने बताया, "घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक राहत सामग्री भी भेजी जा रही है।"

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को नियमों के अनुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तराखंड डेस्क

News4Social उत्तराखंड डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तराखंड से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →