सरकारी बैंक कर्मचारियों की हड़ताल: सप्ताह में 5 दिन काम की मांग, जानें ग्राहकों पर क्या हुआ असर
देश भर के सरकारी बैंकों में शुक्रवार को कामकाज काफी हद तक प्रभावित रहा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर हुई इस एक-दिवसीय हड़ताल का मुख्य कारण सप्ताह में पांच कार्य-दिवस लागू करने…
देश भर के सरकारी बैंकों में शुक्रवार को कामकाज काफी हद तक प्रभावित रहा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर हुई इस एक-दिवसीय हड़ताल का मुख्य कारण सप्ताह में पांच कार्य-दिवस लागू करने सहित अन्य मांगें थीं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस हड़ताल के कारण नकदी जमा-निकासी और चेक क्लियरेंस जैसी कई जरूरी बैंकिंग सेवाएं बाधित हुईं।
UFBU सात बैंकिंग यूनियनों का एक संयुक्त मंच है, जिसमें सरकारी बैंकों के लगभग 90 प्रतिशत कर्मचारी सदस्य हैं। हड़ताल की वजह से कई सरकारी बैंकों की शाखाएं या तो पूरी तरह बंद रहीं या फिर उनमें आंशिक रूप से ही काम हो सका। हालांकि, इस हड़ताल का निजी क्षेत्र के बैंकों के कामकाज पर कोई असर देखने को नहीं मिला।
डिजिटल बैंकिंग पर असर नहीं
हड़ताल के दौरान ग्राहकों को राहत की बात यह रही कि सरकारी बैंकों की डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) जैसी सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। कई बैंकों ने पहले ही अपने ग्राहकों को इस बारे में सूचित कर दिया था और वैकल्पिक चैनलों का उपयोग करने की सलाह दी थी।
बैंकों ने क्या कहा?
इस स्थिति को देखते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक बयान में कहा, "यूएफबीयू की 11 सितंबर को हड़ताल के कारण बैंकिंग ऑपरेशन प्रभावित हो सकते हैं। हम इस दौरान सभी जरूरी सेवाओं को देना का प्रयास करेंगे। साथ ही, ग्राहकों को सलाह दी कि इस स्थिति में वे वैकल्पिक बैंकिंग सेवाएं जैसे मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम एवं अन्य डिजिटल चैनल का उपयोग करें।"
इसी तरह, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने भी अपने ग्राहकों को सूचित किया था। पीएनबी ने कहा, "यूएफबीयू की 11 सितंबर, 2026 को एक दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। बैंकिंग सेवाओं को सामान्य बनाए रखने के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे। ग्राहकों से अनुरोध है कि अपनी बैंकिंग आवश्यकताओं के लिए वैकल्पिक माध्यमों जैसे पीएनबी वन, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और अन्य डिजिटल चैनल का उपयोग करें।"
इनपुट: IANS



