शामली: हरियाणवी गायक अंकित बालियान के पिता का धरना, बोले- 'बेटे के हत्यारे को सामने लाओ'
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके पिता सत्यवीर सिंह अपने बेटे के लिए इंसाफ की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में सिर्फ एक ही मांग रखी है - "मेरे सामने उस…
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके पिता सत्यवीर सिंह अपने बेटे के लिए इंसाफ की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में सिर्फ एक ही मांग रखी है - "मेरे सामने उस व्यक्ति को लेकर आओ, जिसने मेरे बेटे की हत्या की। हमारी बस यही मांग है। इससे ज्यादा हम कुछ नहीं चाहते हैं, हमारा धरना प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेगा।"
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को हुई जब अंकित शामली शहर के एक जिम से बाहर निकल रहे थे। उसी वक्त कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच और शुरुआती सुराग
शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो बाइक पर चार लड़के आए थे जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा, "शाम करीब 7 बजे सूचना प्राप्त हुई... उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।" पुलिस को मौके से दो-तीन खोखे भी मिले हैं। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं।
पिता ने कहा- बेटे का किसी से विवाद नहीं था
धरने पर बैठे पिता सत्यवीर सिंह ने बताया कि उनके बेटे का किसी से कोई मनमुटाव या उठना-बैठना नहीं था। उन्होंने कहा, "उसका किसी से कोई मतलब नहीं था और न ही किसी प्रकार की बातचीत। हरियाणा में ही वह रह रहा था और यहीं पर संपर्क था और बाहर उसका कोई संपर्क नहीं था।" हालांकि, उन्होंने एक कमेटी का जिक्र किया जो अंकित से बात करती थी, लेकिन उसके बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है।
हत्या के तार हरियाणा से जुड़ने की आशंका
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि अंकित बालियान पहले सोनीपत में रहकर गाने बनाते थे, लेकिन वहां किसी विवाद के बाद वह शामली आ गए थे। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस हत्याकांड के तार हरियाणा और सोनीपत से तो नहीं जुड़े हैं। इस संबंध में हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



