सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- यूपी में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, पीडीए समाज का हो रहा शोषण
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सामाजिक न्याय समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश…
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सामाजिक न्याय समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज का शोषण चरम पर है और सरकार के 'जीरो टॉलरेंस' के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जारी एक बयान में अखिलेश ने कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे समाज का हर वर्ग परेशान है।
अखिलेश यादव ने हाल की कुछ आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा की पीट-पीटकर हत्या, बदायूं में एक डॉक्टर के साथ मारपीट और मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में एक बिजली ठेकेदार की तलवार से हत्या जैसी वारदातें प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भी असामाजिक तत्वों के सामने लाचार नजर आ रही है और थानों व तहसीलों में भ्रष्टाचार व्याप्त है।
रोजगार, शिक्षा और आरक्षण पर सवाल
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण खतरे में है। उन्होंने नौकरियों में पीडीए समाज के आरक्षण की 11,514 सीटों पर घोटाले का दावा किया। शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार पीडीए को शिक्षित होने से रोकने के लिए स्कूल बंद कर रही है और हजारों प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा चुके हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और इसे युवाओं को रोजगार से वंचित रखने की साजिश बताया।
आदिवासियों और किसानों के मुद्दे
अपने बयान में अखिलेश यादव ने आदिवासियों और किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में विंध्य एक्सप्रेस-वे के नाम पर जंगल उजाड़ने और आदिवासियों से उनकी जमीन छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार के वृक्षारोपण के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा, "एक तरफ सरकार रिकॉर्ड वृक्षारोपण का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर लाखों पेड़ काटे जा रहे हैं। यह भाजपा की दोहरी नीति और दोहरा चरित्र है।"
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार से जनता ऊब चुकी है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर जनता के साथ न्याय होगा और प्रदेश में खुशहाली आएगी।
इनपुट: IANS



