AIIMS मंगलागिरी में 79 फैकल्टी पदों पर होगी भर्ती, जानिए आवेदन प्रक्रिया, योग्यता और वेतन से जुड़ी हर जानकारी
अगर आप अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में फैकल्टी के तौर पर काम करना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक अच्छा अवसर है। आंध्र प्रदेश के एम्स-मंगलागिरी ने विभिन्न विभागों में प्रोफेसर, एडिशनल…
अगर आप अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में फैकल्टी के तौर पर काम करना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक अच्छा अवसर है। आंध्र प्रदेश के एम्स-मंगलागिरी ने विभिन्न विभागों में प्रोफेसर, एडिशनल प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 79 पदों के लिए भर्ती की घोषणा की है। ये नियुक्तियां सीधी भर्ती या डेप्युटेशन के आधार पर की जाएंगी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन 79 रिक्तियों में सबसे ज्यादा 37 पद असिस्टेंट प्रोफेसर के हैं। इसके अलावा, प्रोफेसर के लिए 17, एडिशनल प्रोफेसर के लिए 11 और एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 14 पद निर्धारित किए गए हैं। भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले मेडिकल उम्मीदवारों के पास इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट, 1956 के तहत मेडिकल योग्यता, पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री (एमडी/एमएस) और/या सुपर-स्पेशियलिटी (एमसीएच/डीएम) होनी चाहिए। वहीं, नॉन-मेडिकल उम्मीदवारों के लिए संबंधित विषय में मास्टर डिग्री के साथ डॉक्टरेट की डिग्री अनिवार्य है। आवेदकों के पास पद के अनुसार 3 से 14 साल का प्रासंगिक अनुभव भी होना चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए अधिकतम उम्र 50 वर्ष, जबकि प्रोफेसर और एडिशनल प्रोफेसर के लिए 58 वर्ष तय की गई है।
आवेदन की प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार एम्स-मंगलागिरी की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि रोजगार समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशित होने के 45 दिनों के भीतर होगी। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद, उम्मीदवारों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी जरूरी दस्तावेजों को डाक के जरिए 'भर्ती सेल, कमरा नंबर 205, दूसरी मंजिल, लाइब्रेरी और एडमिन बिल्डिंग, एम्स, मंगलागिरी, गुंटूर जिला, आंध्र प्रदेश - 522503' पते पर भेजना होगा। हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि ऑनलाइन आवेदन बंद होने के 10 दिन बाद तक होगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। अंतिम रूप से चुने गए उम्मीदवारों को पद के अनुसार हर महीने 1,01,500 रुपये से लेकर 1,68,900 रुपये तक का वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 3,100 रुपये, एससी/एसटी/महिलाओं के लिए 2,100 रुपये और दिव्यांगों (पीडब्ल्यूबीडी) के लिए 100 रुपये है।
किन विभागों में हैं ये रिक्तियां?
एम्स-मंगलागिरी ने यह भर्तियां एनेस्थीसिया, बर्न और प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, डर्मेटोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, जनरल मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, नेत्र विज्ञान, बाल चिकित्सा, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, यूरोलॉजी और ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन समेत कई अन्य विभागों के लिए निकाली हैं।
इनपुट: IANS



