HomeTop storiesविदिशा कैंसर शिविर में 586 मरीजों में बीमारी की पुष्टि: 2598...
Advertising
<
विदिशा कैंसर शिविर में 586 मरीजों में बीमारी की पुष्टि: 2598 जांच में 254 और संदिग्ध मिले, शिवराज बोले- हर मरीज का इलाज सुनिश्चित करेंगे – Vidisha News
विदिशा कैंसर शिविर में 586 मरीजों में बीमारी की पुष्टि: 2598 जांच में 254 और संदिग्ध मिले, शिवराज बोले- हर मरीज का इलाज सुनिश्चित करेंगे – Vidisha News h3>
विदिशा के मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय निशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का समापन हो गया है। शिविर में कुल 2598 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 586 कैंसर से पीड़ित पाए गए। इसके अतिरिक्त, 254 मरीजों में कैंसर की आशंका व्यक्त की गई है। समापन अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि यह अभियान केवल जांच तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि हर मरीज के लिए एक अलग उपचार कार्ययोजना तैयार की जाएगी और उसका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि शिविर में आए सभी मरीजों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम यह तय करेगी कि किस मरीज को कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, बायोप्सी या सर्जरी की आवश्यकता है। आयुष्मान भारत योजना के पात्र मरीजों का उपचार कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे। कहा- बड़ी संख्या में संदिग्ध सामने आए
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जांच के दौरान बड़ी संख्या में कैंसर के संदिग्ध मामले सामने आए हैं, विशेषकर महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता की कमी देखी गई है। स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान और उपचार संभव है, लेकिन संकोच और जानकारी के अभाव में कई मामले देर से सामने आते हैं। केंद्रीय मंत्री ने 14 वर्ष तक की बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम प्रभावी टीकाकरण से संभव है और यह टीका सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध है, जिसकी प्रभावशीलता 93 से 100 प्रतिशत तक मानी गई है। शिवराज सिंह चौहान ने नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू, गुटखा, सुपारी, बीड़ी, पान मसाला और शराब जैसी आदतों के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि समाज और सरकार के संयुक्त प्रयासों से ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। इस दौरान उन्होंने टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल मुंबई और एम्स भोपाल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया और स्थानीय चिकित्सकों के प्रशिक्षण का कार्य जारी रखने की बात कही। कलेक्टर बोले- जिले के लिए भागीरथी प्रयास साबित हुआ शिविर
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि कैंसर परीक्षण एवं उपचार शिविर जिले के लिए भागीरथी प्रयास साबित हुआ है। शिविर के माध्यम से हजारों लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं मिलीं और गंभीर रोगों की समय रहते पहचान संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल मुंबई, एम्स भोपाल, अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय विदिशा और जिला चिकित्सालय के समन्वय से यह आयोजन सफल रहा। समापन कार्यक्रम में विदिशा विधायक मुकेश टंडन, सिलवानी विधायक रामपाल सिंह राजपू, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. मनीष निगम, विशेषज्ञ चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।