लखनऊ पुलिस लाइन के कांस्टेबल का वीडियो वायरल: IPS अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप; बोला- “काले अंग्रेज चला रहे पुलिस विभाग” – Lucknow News h3>
लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो जारी करने वाले कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने पुलिस विभाग के अधिकारियों, विशेषकर IPS अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। कांस्टेबल ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
ड्यूटी लगाने के नाम पर वसूली का आरोप
वीडियो में कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने आरोप लगाया कि रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से हर महीने अवैध वसूली की जाती है। उन्होंने कहा कि गार्ड कमांडर के माध्यम से सिपाहियों और दीवानों से करीब दो हजार रुपये प्रति माह लिए जाते हैं।
“काले अंग्रेज चला रहे पुलिस विभाग”
वीडियो में सुनील कुमार शुक्ला ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “पुलिस विभाग को काले अंग्रेज चला रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि गणना प्रभारी, आरआई और अन्य अधिकारी इस व्यवस्था में शामिल हैं। उनके मुताबिक, वसूली की रकम नीचे से ऊपर तक अधिकारियों तक पहुंचाई जाती है।
लाखों रुपये की उगाही का दावा
कांस्टेबल ने दावा किया कि लखनऊ कमिश्नरेट में एक ऐसे डाटा सेक्शन में 110 से 120 गार्ड तैनात हैं, जहां 500 से 550 ड्यूटी लगाई जाती हैं। आरोप है कि करीब 400 पुलिसकर्मियों से हर महीने दो-दो हजार रुपये वसूले जाते हैं, जिससे लगभग आठ लाख रुपये की उगाही होती है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी वसूली कई अन्य जगहों पर भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
वीडियो में कांस्टेबल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के भीतर से न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है, इसलिए सरकार को सीधे कार्रवाई करनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
सुनील कुमार शुक्ला द्वारा जारी यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर पुलिस विभाग में भी चर्चा का माहौल है। हालांकि अभी तक लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews