मंत्री हरि सहनी पर गैर इरादतन हत्या का आरोप: ग्रामीण बोले- स्कॉट की गाड़ी से हादसा हुआ, 10 लोग जख्मी; FIR दर्ज – Darbhanga News h3>
दरभंगा में शनिवार देर रात कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर भजन-कीर्तन और जागरण कार्यक्रम आयोजित हुई। आरोप है कि इस दौरान मंत्री हरि सहनी के स्कॉट की गाड़ी से हादसा हुआ। 10 भक्त घायल हो गए। मामला सिमरी थाना क्षेत्र के बनौली गांव का है। इसको लेकर एफआईआर दर्
.
मंत्री का कहना है कि पुलिस प्रशासन की गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ है। जो उनके काफिले की गाड़ियों से आगे चल रही थी।
एफआईआर में पूजा कमेटी के अध्यक्ष ने कहा है कि पिछड़ा वर्ग व अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हरी सहनी के काफिले में शामिल स्कॉर्ट गाड़ी (Mahindra SUV, नंबर BR07PA8664) बेकाबू होकर भीड़ में घुस गई। हादसे में अफरा-तफरी मच गई और 10 भक्त घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। सभी घायलों का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान सुरेश भगत (70) पिता स्व. जुगल भगत,डोमु महतो (70) पिता स्व. जीतन महतो,दुर्गा देवी (65) पति स्व. जुलमी भगत (सभी निवासी ग्राम बनौली,थाना सिमरी) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पुलिस को सौंपा
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद गाड़ी मंच से टकरा गई,जिससे लेजर ट्रस्ट लाइट समेत अन्य साज-सज्जा क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने मौके पर गाड़ी को घेर लिया और चालक सुधीर कुमार (पिता स्व. अरुण दास, निवासी सैदनगर वार्ड-40, एकमी, लहेरियासराय) को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
इसी गाड़ी से घटना हुई है।
ग्रामिणों का आरोप है कि मंत्री हरी सहनी खुद घटना स्थल पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने घायलों की सुध लिए बिना अपनी गाड़ी लेकर वहां से निकल गए। इससे आक्रोश और बढ़ गया।
गैर-इरादतन हत्या का लगाया आरोप
घटना को लेकर सुजीत कुमार (पिता हीरा) समेत ग्रामीणों व कृष्ण जन्माष्टमी पूजा समिति ने सिमरी थाना में मंत्री हरी सहनी और चालक सुधीर कुमार के खिलाफ आवेदन दिया है। आरोप है कि मंत्री और उनके चालक की लापरवाही से निर्दोष लोगों की जान पर बन आई और यह कृत्य गैर-इरादतन हत्या की कोशिश के बराबर है।
सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस ने वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंत्री हरि सहनी ने फोन पर घटना की पुष्टि करते हुए अपनी ओर से सफाई दी है। उन्होंने कहा कि यह हादसा उनके काफिले की गाड़ी से नहीं, बल्कि सबसे आगे चल रही जिला प्रशासन की स्कॉर्ट गाड़ी से हुआ था। मंत्री ने बताया कि घटना के बाद भीड़ में फैले आक्रोश को देखते हुए उनका वाहन थोड़ी दूरी पर रुक गया, लेकिन उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचवाया।
सभी घायलों का जाना हालचाल
मंत्री हरी सहनी ने यह भी बताया कि वे खुद देर रात डीएमसीएच अस्पताल पहुंचे और वहां सभी घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से वे बेहद आहत हैं और घायलों को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।
वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों और पूजा समिति ने सिमरी थाना में आवेदन देकर मंत्री और चालक पर प्राथमिकी दर्ज कहाई है। इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



