नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने उत्तर प्रदेश को लेकर एक विवादित टिप्पणी की है. उनके इस बयान के बाद चारो तरफ से आलोचना का दौर शुरू हो गया है. अमिताभ कान्त ने यूपी, बिहार और छत्तीसगढ़ को पिछड़ा राज्य बताया है। उन्होंने कहा कि भारत के पश्चिम और दक्षिण के राज्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं वहीं यूपी, बिहार और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों की वजह से भारत पिछड़ रहा है।
दिलचस्प बात ये है कि कांत ने ये बातें जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में अब्दुल गफ्फार खान मेमोरियल में लेक्चर के दौरान कहीं हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक मापदंडों के आधार पर बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान जैसे राज्य भारत को पिछड़ा बना रहे हैं।
हालांकि हमने इन राज्यों में भी बिज़नेस को बढ़ावा दिया है लेकिन हम मानव विकास इंडेक्स में काफी पिछड़े हैं। हम एचडीआई में 188 में से 131वें पर हैं। बदलते भारत के मुद्दे पर कांत ने कहा कि पश्चिम और दक्षिण के राज्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि हम जिला स्तर पर कार्यक्रम करके लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमें शिक्षा और स्वास्थ के मुद्दे पर बहुत काम करना होगा। कक्षा 5 का बच्चा कक्षा 2 के सवाल हल नहीं कर पाता, वह अपनी मातृभाषा नहीं जानता, हमें इन सब चीज़ों में सुधार करना होगा। उन्होंने निर्णय लेने में महिलाओं को आगे आने की बात कही।









