एक महिला ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्यों पर सनसनीखेज़ आरोप लगाए हैं. 26 वर्षीय परमजीत खन्ना का आरोप है कि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के दो सदस्यों ने नौकरी के बदले जिस्मानी रिश्ता बनाने की मांग की थी. उन्होंने इसकी शिकायत कमेटी से भी की थी, लेकिन इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
दो अलग-अलग लोगों ने नौकरी बदले माँगा सेक्स
परमजीत ने बताया कि वह 7 मार्च को कमेटी के सदस्य हरजीत सिंह के पास नौकरी मांगने गई थीं. आरोप है कि हरजीत ने नौकरी देने के बदले शारीरिक संबंध बनाने की मांग रखी थी. कुछ दिनों बाद वह कमेटी के एक अन्य सदस्य सुखविंदर सिंह से मिलने गई थीं. उन्होंने भी सेक्स की मांग की. इसके बाद परमजीत ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी से 20 मार्च को इसकी शिकायत की थी, लेकिन 20 दिन बाद भी कमेटी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
परमजीत खन्ना के अनुसार वो इस सिलसिले में सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के महासचिव से भी मुलाकात करने गई थीं. उन्होंने कहा, ‘मैंने 28 मार्च को दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा के आवास पर गई थी. उस वक्त वह मौजूद नहीं थे, ऐसे में मैंने वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को लिखित में शिकायत सौंपी थी. लेकिन, उनकी तरफ से भी अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.’
मनजिंदर सिंह सिरसा ने बाद में बताया कि उन्होंने इस मामले की छानबीन के लिए समिति गठित कर दी है. आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, ‘मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है. महिला के आरोप सही पाए जाने पर जरूर कार्रवाई की जाएगी.’
पुलिस ने कहा शिकायत में खामिया
परमजीत खन्ना ने 4 अप्रैल को इस बाबत दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. नई दिल्ली इलाके के डीसीपी मधुर वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. डीसीपी वर्मा ने कहा, ‘छानबीन चल रही है. जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी. महिला की शिकायत में कुछ खामियां भी हैं. इसके कारण हमें इंतजार करना पड़ रहा है.’ परमजीत खन्ना ने दोनों आरोपियों को दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी से हटाने और पुलिस की ओर से कार्रवाई की मांग की है, ताकि ये दोनों कहीं भी दोबारा पावर में न आ सकें. परमजीत ने बताया कि हरजीत और सुखविंदर सिंह ने नौकरी देने के एवज में शारीरिक संबंध बनाने की मांग रखी थी और कहा था कि हर कोई ऐसा ही करता है. उनकी मां गुरुद्वारा में ही काम करती हैं, जिन्हें धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है.










