राजगीर में 16वीं नेशनल मेंस सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप: 1 से 12 अप्रैल तक होगा भव्य आयोजन, 52 मुकाबले होंगे; ड्रॉ रहने पर एक-एक अंक मिलेगा – Nalanda News
राजगीर में 16वीं नेशनल मेंस सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप: 1 से 12 अप्रैल तक होगा भव्य आयोजन, 52 मुकाबले होंगे; ड्रॉ रहने पर एक-एक अंक मिलेगा – Nalanda News h3>
ऐतिहासिक नगरी राजगीर का खेल परिसर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं के बीच हॉकी के रोमांच से सराबोर होने के लिए तैयार है। आगामी एक अप्रैल से यहां 16वीं नेशनल मेंस सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। 12 अप्रैल तक चलने वाले इस महाकुंभ में देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें शिरकत करेंगी, जिनके बीच कुल 52 कड़े मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सफल संचालन को लेकर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रन शंकरण ने जिलाधिकारी कुंदन कुमार को पत्र लिखकर आयोजन के दौरान पुख्ता चिकित्सा व्यवस्था और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिता के प्रारूप को बेहद दिलचस्प बनाया गया है, जिसमें शामिल टीमों को उनकी वरीयता और प्रदर्शन के आधार पर तीन अलग-अलग डिवीजनों में विभाजित किया गया है। डिवीजन ‘ए’ में कुल 12 शीर्ष टीमों को रखा गया है, जिन्हें चार अलग-अलग पूल में बांटा गया है। इस डिवीजन की टीमें न केवल लीग मैच खेलेंगी, बल्कि वे ही क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल के खिताब के लिए जद्दोजहद करेंगी। चंडीगढ़ और महाराष्ट्र की टीम आमने-सामने खेल के नियमों के अनुसार, इस डिवीजन में अंतिम दो स्थानों पर रहने वाली टीमों को अगले सत्र के लिए डिवीजन ‘बी’ में रखा जाएगा। वहीं, डिवीजन ‘बी’ में शामिल 10 टीमें लीग मैचों में अपना दम दिखाएंगी, जहां शीर्ष पर रहने वाली दो टीमों को डिवीजन ‘ए’ में पदोन्नत किया जाएगा, जबकि निचले पायदान की दो टीमें डिवीजन ‘सी’ का हिस्सा बनेंगी। इसी तरह आठ टीमों वाले डिवीजन ‘सी’ से भी दो सर्वश्रेष्ठ टीमें ऊपर के डिवीजन में जगह बनाने के लिए संघर्ष करेंगी। डिवीजन ‘ए’ के पूल ‘ए’ में पंजाब, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र जैसी दिग्गज टीमें आमने-सामने होंगी, जबकि पूल ‘बी’ में झारखंड और तमिलनाडु की भिड़ंत देखने लायक होगी। पूल ‘सी’ में उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे पावरहाउस शामिल हैं, तो पूल ‘डी’ में मध्य प्रदेश और ओडिशा के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। ड्रॉ रहने पर एक-एक अंक मिलेगा मेजबान बिहार को डिवीजन ‘बी’ के पूल ‘बी’ में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला कर्नाटक, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश जैसी टीमों से होगा। प्रतियोगिता के दौरान अंकों के गणित को स्पष्ट करते हुए बताया गया है कि प्रत्येक जीत के लिए टीमों को तीन अंक दिए जाएंगे, जबकि मैच ड्रॉ रहने की स्थिति में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना होगा। टूर्नामेंट का चरम मुकाबला यानी फाइनल मैच 12 अप्रैल को खेला जाएगा, जो यह तय करेगा कि सब जूनियर स्तर पर देश की सर्वश्रेष्ठ हॉकी टीम कौन सी है।
बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – BiharNews