रांची में कांची नदी पर बना हाराडीह-बुढ़ाडीह पुल ध्वस्त, करोड़ों रुपए खर्च कर तीन साल पहले हुआ था निर्माण, गुणवत्ता पर सवाल

214


रांची में कांची नदी पर बना हाराडीह-बुढ़ाडीह पुल ध्वस्त, करोड़ों रुपए खर्च कर तीन साल पहले हुआ था निर्माण, गुणवत्ता पर सवाल

हाइलाइट्स:

  • रांची के तमाड़ में कांची नदी पर बना पुल टूटा
  • महज तीन साल पहले बना था कांची नदी पर पुल
  • करोड़ों रुपए खर्च कर बने पुल के गुणवत्ता पर सवाल
  • पुल के आसपास हो रही थी बालू की अवैध खुदाई

Ranchi News: अवैध बालू खनन की भेंट चढ़ा कांची नदी पर करोड़ों की लागत से बना हाराडीह-बुढ़ाडीह पुल, बारिश में हुआ ध्वस्त

रवि सिन्हा, रांची
रांची में कांची नदी पर करोड़ों की लागत से बना पुल ‘यास’ तूफान को नहीं ‘झेल’ पाया। हाराडीह-बुढ़ाडीह पुल गुरुवार को ध्वस्त हो गया। यह रांची जिले के तमाड़, बुंडू और सोनाहातु को जोड़ता था। तीन साल पहले ही करोड़ों की लागत से पुल बनाया गया था। मगर करोड़ों रुपए की लागत से बना यह पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।

पुल निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया?
बुंडू इलाके के प्रसिद्ध हाराडीह मंदिर के निकट इस पुल के ध्वस्त होने के बारे में स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कांची नदी में लगातार बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जिसके कारण पुल कमजोर हो गया। समय रहते अगर प्रशासनिक कार्रवाई होती है, तो यह पुल बच सकता था। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कांची नदी पर बने सोनाहातु का हारीन पुल और तमाड़ का बालमडीह पुल पहले ही ध्वस्त हो चुका है और अब हाराडीह पुल भी ध्वस्त हो गया। पुल के ध्वस्त होने की जानकारी मिलते ही वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

क्या अवैध बालू खनन से हुआ हादसा?
ग्रामीणों की मानें तो इस पुल का कायदे से उद्घाटन भी नहीं हुआ था। जाहिर है, इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। पुल ध्वस्त होने के पीछे एक वजह यह भी बताई जा रही है कि नदी से रोजाना बालू का अवैध खनन हो रहा है। पुल के ठीक नीचे भी लगातार बालू का खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों की लगातार मांग के बावजूद किसी ने बालू का अवैध उत्खनन रोकने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।

टूटे पुल से हो रहा आवागमन

लगातार दो दिन से बारिश होने के चलते नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है और इसी बीच अब पुल ध्वस्त हो गया। सबसे खतरनाक बात यह कि टूटे पुल पर भी लोगों की आवाजाही हो रही है। ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुल टूटने की जानकारी आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। स्थानीय प्रशासन पूरे मसले पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।



Source link