यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें: अखिलेश झुलसीं BJP विधायक से मिले; PM मोदी बोले- सपा ने धोखा दिया, शादी से दिन दूल्हे की मौत – Uttar Pradesh News h3>
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पीएम मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर योगी के बड़े ऐलान से है। सीएम ने कहा- इस साल पुलिस में एक लाख नई भर्तियां की जाएंगी। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
.
पहले टॉप 5 खबरें…
1. पीएम मोदी 2 दिन के दौरे पर काशी पहुंचे, 6 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया
पीएम नरेंद्र मोदी काशी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने महिला जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक महिलाएं मौजूद रहीं। मोदी ने 6,332 करोड़ की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया। इनमें सिग्नेचर ब्रिज और कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शामिल हैं। पीएम ने कहा- महिला आरक्षण पर विपक्ष ने धोखा दिया। मैं इसे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। पूरी खबर पढ़िए
2- यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां होंगी, योगी का ऐलान; 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर बांटे
सीएम योगी ने लखनऊ में ऐलान किया कि इस साल यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा- होमगार्ड, पुलिस और दरोगा के पदों पर भर्ती होगी। सीएम ने इस दौरान पुलिस विभाग में 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर बांटे। उनके साथ फोटो खिंचवाई। सीएम ने कहा- पिछले 9 साल में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती निष्पक्ष तरीके से की गई, जो एक रिकॉर्ड है। पूरी खबर पढ़िए
3. महुआ ने IPS अजय पाल को फेयर-एंड-लवली बबुआ कहा, डांसर के साथ का वीडियो पोस्ट किया
बंगाल चुनाव में ऑब्जर्वर बनाए गए यूपी के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा को तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने ‘फेयर एंड लवली बबुआ’ कहा है। महुआ ने X पर दो वीडियो पोस्ट किए हैं। दावा किया है कि IPS डांसर के साथ नाच रहे हैं। इससे पहले अजय पाल का एक वीडियो सामने आया था। इसमें उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के समर्थकों को चेतावनी दी थी। कहा था- अगर जनता को डराया या धमकाया तो अच्छे से खबर ली जाएगी। पूरी खबर पढ़िए
4. पुतला फूंकने में झुलसी भाजपा विधायक से मिलने पहुंचे अखिलेश, अनुपमा जायसवाल देखकर मुस्कुराईं
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेदांता पहुंचकर भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हालचाल जाना। अखिलेश यादव का पुतला जलाते वक्त विधायक आग में झुलस गईं थीं। इस बीच, अखिलेश ने कल यानी 29 अप्रैल को गाजीपुर के कटरिया गांव जाने का कार्यक्रम कैंसिल कर दिया। सपा प्रमुख को यहां सियाराम विश्वकर्मा के परिवार से मिलने जाना था। सियाराम की 15 साल की बेटी निशा का शव गंगा में मिला था। पूरी खबर पढ़िए
5. दुनिया में सबसे गर्म बांदा, जगह-जगह कूलिंग सेंटर बनाए, लखनऊ में शेर की खुराक आधी
यूपी भीषण गर्मी की चपेट में है। पारा 47°C के पार पहुंच गया है। 35 से ज्यादा जिलों में लू चली। बांदा में प्रशासन ने स्कूलों की एक घंटे पहले छुट्टी करने का फैसला किया है। अब क्लासेस सुबह 7.30 बजे से 11.30 बजे तक चलेंगी। जगह-जगह 14 कूलिंग सेंटर बनवाए हैं। लखनऊ के चिड़ियाघर में शेर की खुराक आधी रह गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिन पूरे प्रदेश में बारिश होगी। आंधी-तूफान के भी आसार हैं। पूरी खबर पढ़िए
अब अहम 8 खबरें…
6. बच्चे के सीने में घुसी सरिया गर्दन से पार हुई, गोरखपुर में पतंग उड़ाते समय छत पर गिरा
गोरखपुर में छत पर लगी सरिया 14 साल के बच्चे हर्ष के सीने और गर्दन के आर-पार हो गई। हर्ष सुबह-सुबह छत पर पतंग उड़ा रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसला और वो छत पर अधूरे पड़े पिलर से निकली सरिया पर गिर गया। हर्ष दर्द की वजह से चीखने-चिल्लाने लगा। डॉक्टरों की टीम ने करीब 2 घंटे तक चले आपरेशन के बाद सरिया बाहर निकाली। पूरी खबर पढ़िए
7. बरेली में फर्जी IAS बनकर ठगी करने वाली बहनें गिरफ्तार, नौकरी के नाम पर वसूले लाखों रुपए
बरेली में फर्जी आईएएस बनकर ठगी करने वाली 3 बहनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से दो सगी और एक मौसी की लड़की है। तीनों नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करती थीं। इसमें से एक आरोपी बहन PHD और पीसीएस प्री क्वालीफाई कर चुकी है। ठगी के रुपए से आरोपियों ने एक मकान खरीदा, जहां बैठकर वे फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करती थीं। पूरी खबर पढ़िए
8. मंगेतर के सामने लड़की से रेप, वीडियो बनाया, फतेहपुर में 3 घंटे तक दरिंदगी की
फतेहपुर में मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती के साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि दरिंदों ने मंगेतर को बंधक बनाकर उसके सामने ही 3 घंटे तक बर्बरता की। वीडियो बनाए। किसी को वारदात के बारे में बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस के पास पहुंचे तो इंस्पेक्टर ने शिकायत दर्ज नहीं की। SP के दखल के बाद FIR हुई। प्रभारी निरीक्षक को सस्पेंड कर दिया गया। सपा प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला। न्याय का भरोसा दिलाया। पूरी खबर पढ़िए
9. उठक-बैठक लगाने वाले अफसर बोले- IAS एसोसिएशन धोखेबाज: रिंकू सिंह ने इस्तीफा वापस लिया
उठक-बैठक करके चर्चा में आए यूपी के IAS रिंकू सिंह राही ने इस्तीफा वापस ले लिया है। इसके लिए उन्होंने सरकार को लिखित आवेदन दिया है। इस्तीफा वापस लेने के सवाल पर रिंकू सिंह ने दैनिक NEWS4SOCIALसे कहा- मुझे पोस्टिंग का कोई लालच नहीं है, मैं बस काम करना चाहता हूं। रिंकू सिंह राही ने 26 मार्च को राष्ट्रपति को कंडीशनल इस्तीफा भेजा था। कहा- उन्हें वेतन तो मिल रहा था, लेकिन जनसेवा का अवसर नहीं मिल रहा था। पूरी खबर पढ़िए
10. देवरिया में शादी के दिन दुल्हन की मौत, तैयार होने ब्यूटी पार्लर जा रही थी
देवरिया के बरियारपुर चौराहे पर सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती रचना की मौत हो गई। घटना उस दिन हुई, जिस दिन उसकी बारात आने वाली थी। परिवार में मातम छा गया। रचना अपनी शादी की तैयारियों के लिए ब्यूटी पार्लर जाने के लिए बरियारपुर चौराहे पर पहुंची थी। सड़क पार करते समय वह एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। पूरी खबर पढ़िए
11. लखनऊ में बोले संजय सिंह- BJP में गया तो जनता मेरा मुंह काला कर दे, 3 मई को प्रदेशव्यापी आंदोलन
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कहा कि BJP की वॉशिंग मशीन में कोई भी दाग धुल सकता है। जिस दिन मैं BJP में जाऊं, जनता मेरे मुंह पर कालिख पोत दे। उन्होंने प्रदेश की बिजली व्यवस्था, स्मार्ट मीटर और महंगाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। स्मार्ट मीटर को चीटर मीटर बताते हुए ऐलान किया कि 3 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पूरी खबर पढ़िए
12. कानपुर में दो बेटियों संग मां ने खाया जहर, मौत; 12 साल पहले शादी हुई थी
कानपुर में एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। महिला अपने दोनों बेटियों के साथ तीन साल से मायके में रह रही थी। घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र की है। पूरी खबर पढ़िए
13. दूल्हे के भाई समेत 4 की बारात जाते वक्त मौत:हमीरपुर में ट्रक ने वैन को टक्कर मारी
हमीरपुर में बारात में जा रहे दूल्हे के भाई समेत चार लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दूल्हे का भाई वैन से सात लोगों के साथ जा रहा था। रविवार रात 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। हादसा मौदहा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर हुआ। डीएम अभिषेक गोयल के मुताबिक, ट्रक महोबा से गिट्टी लेकर श्रावस्ती जा रहा था, जबकि वैन सवार शादी समारोह में शामिल होने महोबा जा रहे थे। पूरी खबर पढ़िए
खबर जो हटकर है…
14. दूल्हे को अनफिट बताकर शादी से किया इनकार, संतकबीरनगर में दुल्हन ने लौटा दी बारात
संतकबीरनगर में दूल्हे को अनफिट बताकर दुल्हन ने वरमाला से पहले शादी तोड़ दी। बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह कोई मजाक है, लेकिन जब दुल्हन अपने फैसले से पीछे नहीं हटी तो तो स्थिति गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत और पंचायत का दौर चला। लेकिन, कोई सहमति नहीं बन पाई। बताया गया कि दुल्हन को दूल्हे की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से परेशानी थी।
कल क्या रहेगा खास…
15- पीएम मोदी गंगा एक्सप्रेस-वे का इनॉगरेश करेंगे
पीएम मोदी वाराणसी में रोड शो करेंगे। यहां से हरदोई पहुंचेंगे। गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर का यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। एक्सप्रेस-वे 11 घंटे के सफर को घटाकर 6 घंटे कर देगा।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…



