Advertising
Home Top stories बेटे के मर्डर केस में कोर्ट जा रहे पिता को गोलियों से...
Advertising
<

बेटे के मर्डर केस में कोर्ट जा रहे पिता को गोलियों से भूना, जमीन विवाद में भतीजे पर हत्या का आरोप

9
बेटे के मर्डर केस में कोर्ट जा रहे पिता को गोलियों से भूना, जमीन विवाद में भतीजे पर हत्या का आरोप

बेटे के मर्डर केस में कोर्ट जा रहे पिता को गोलियों से भूना, जमीन विवाद में भतीजे पर हत्या का आरोप

भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के पेरहाप गांव में सोमवार की सुबह करीब 8 बजे बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर कमलेश राय (50 वर्ष) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। कमलेश अपने इकलौते बेटे की हत्या के केस के सिलसिले अपने भाई मनोरंजन राय के साथ आरा कोर्ट जा रहे थे। कमलेश बाइक से अपने घर से कुछ ही दूर आगे बढ़े थे कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनपर छह राउंड फायरिंग की। मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि मनोरंजन राय घायल हो गए। पुलिस ने इस हत्याकांड में पेरहाप गांव निवासी एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कमलेश के पुत्र आदित्य कुमार की हत्या इसी साल 15 अप्रैल को अपराधियों ने कर दी थी।

हमले में घायल मनोरंजन राय ने बताया कि सोमवार की सुबह उनके भाई कमलेश राय बेटे की हत्या के केस के सिलसिले में आरा कोर्ट जा रहे थे। वह उन्हें छोड़ने के लिए बाइक से पेरहाप मोड़ जा रहे थे। उसी दौरान गांव में एक दीवार के पीछे छुपे प्रियांशु राय और अन्य बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से बड़े भाई की मौत हो गई। मनोरंजन के कंधे में गोली लगी है और उन्हें आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कमलेश के पुत्र आदित्य राय की हत्या में भी प्रियांशु राय का नाम आया था। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने उसके घर की कुर्की की थी। आदित्य की हत्या के वक्त कमलेश को भी गोली मारी गई थी। इलाज के बाद उनकी जान बची थी।

इधर, कमलेश की हत्या की सूचना मिलते ही गांव के लोग आक्रोशित हो गए और प्रियांशु राय समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए शव के साथ आरा-अरवल रोड को जाम कर दिया। नाराज लोग एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे।

आरा-अरवल रोड पर करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बाद में एसपी की पहल पर एएसपी परिचय कुमार पहुंचे और समझाकर लोगों को शांत कराया। उन्होंने 48 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार कर लेने और स्पीडी ट्रायल के तहत दोषियों को सजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही आवागमन बहाल हुआ और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपित प्रियांशु की गिरफ्तारी के लिए पीरो एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम की गठन किया गया है। भोजपुर के आरक्षी अधीक्षक प्रमोद यादव ने बताया कि कमलेश राय के पिता तीन भाई थे। इनके एक चाचा की कोई संतान नहीं थी। उनकी संपत्ति कमलेश और उनके भाई ने अपने नाम करा ली थी। इसी जमीन को लेकर कमलेश राय और प्रियांशु राय के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि पूर्व से चल रहे जमीन संबंधी विवाद में भतीजे प्रियांशु राय की ओर से घटना को अंजाम दिया गया है। एफएसएल की टीम ने भी वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए साक्ष्य का संकलन किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पीरो एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर हत्या में लाइनर का काम करने वाली महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News

Advertising