डीजल और पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा: तेल डिपो के टैंकर को बाड़े में खड़ा करवाते थे, ड्राइवर सहित दो गिरफ्तार – Jodhpur News h3>
पुलिस ने टैंकर चालक व बाड़े में अवैध तेल निकालने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जोधपुर पुलिस ने सालावास के तेल डिपो से निकलने वाले टैंकर से डीजल और पेट्रोल निकालकर बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
.
आरोपी तेल टैंकर को अपने बाड़े में खड़ा करवाते थे। पाइप की सहायता से ड्रम में पेट्रोल और डीजल निकाल लेते थे। उसकी जगह पर केमिकल डाल देते थे। इसके बाद पेट्रोल और डीजल को बाजार में बेच दिया जाता था।
विवेक विहार थाना अधिकारी दिलीप खदाव ने बताया- पुलिस ने मोगड़ा गुमटी के पास से सिलेबस डिपो जाने वाली रोड पर बालाजी मोटर्स नाम के बारे में दबिश दी थी। दो लोग ऑयल टैंकर से तेल निकाला जा रहा था।
इस पर टीम ने अवैध तरीके से तेल निकालने वाले गुमानाराम (44) पुत्र फुसाराम देवासी निवासी मालुंगा पुलिस थाना मथानिया और टैंकर ड्राइवर मोहनराम (30) पुत्र रेवंत राम जाट निवासी भाकरों की ढाणियां सुखमंडला पुलिस थाना चामू को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से बाड़े में टैंकर से अवैध तेल निकालने वाले गुमानाराम देवासी को गिरफ्तार किया।
टैंकर ड्राइवर को 60 रुपए लीटर से देता था पैसा
पूछताछ में गुमाना राम नाम के व्यक्ति ने बताया- यह बाड़ा बचनाराम पटेल का है। इस बाड़े में करीब एक महीने से काम करता है। उसे रहने के लिए 15000 रुपए प्रतिमाह मिलते हैं।
बाड़े में सालावास ऑयल डिपो से आने वाले टैंकर से डीजल और पेट्रोल भरकर पंप में जाने वाले टैंकरों को बीच में रुकवाकर उसमें से तेल निकालते हैं। जितना तेल निकालते हैं, उतना ही केमिकल मिला देते हैं। इस तेल को 60 रुपए लीटर की दर से टैंकर चालकों से खरीदा जाता है जबकि बाजार से 30 रुपए प्रति लीटर में मिलने वाला केमिकल डालकर उसे तेल के टैंकर में मिला देते थे।
टीम ने मौके से पेट्रोल और डीजल भरने वाले पंप, ऑयल के ड्रम भी जब्त किए। टीम की और से इस पूरे मामले को लेकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जिसमें कई खुलासे होने की भी उम्मीद है।
बता दें कि सालावास के तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों से चोरी का डीजल और पेट्रोल निकाले जाने को लेकर टीम को शिकायतें मिल रही थी। पूर्व में भी इसी के चलते एक टैंकर में आग भी लग गई थी। इसके बावजूद चोरी छिपे अवैध तेल चोरी का खेल चल रहा था।




