खगड़िया में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार: छुड़ाने पहुंचे समर्थकों ने सड़क जाम की, पुलिस ने की फायरिंग – Khagaria News h3>
खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी को हथियार और भारी मात्रा में जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में उसके समर्थकों ने सड़क जाम कर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 मई 2026 की सुबह करीब 5 बजे मानसी थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि मानसी थाना क्षेत्र के नोनहा गांव निवासी कुख्यात अपराधी सुभाष यादव किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हथियार और गोली के साथ घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस ने एसटीएफ टीम और सशस्त्र बल के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम जैसे ही कामाथान टोला के आगे पहुंची, एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नोनहा निवासी सुभाष यादव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और 20 पीस जिंदा गोली बरामद की गई। विधि-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई पुलिस गिरफ्तार आरोपी को लेकर मानसी थाना लौट रही थी, तभी श्रीनगर गांव के पास 8 से 10 अज्ञात लोगों ने आरोपी को छुड़ाने के उद्देश्य से ग्रामीण सड़क जाम कर दी। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया, जिससे विधि-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कुछ जवानों को हल्की चोटें आईं। गिरफ्तार आरोपी को सुरक्षित मानसी थाना लाया गया पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक राउंड हवाई फायरिंग की गई। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया और गिरफ्तार आरोपी को सुरक्षित मानसी थाना लाया गया। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कुछ लोगों द्वारा पुलिस पर आरोप लगाते हुए दोबारा सड़क बाधित करने की कोशिश की गई। सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को सामान्य कराया। सड़क जाम और हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है तथा उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस उन असामाजिक तत्वों की भी पहचान कर रही है जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस मामले में शामिल रहे। खगड़िया पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – BiharNews