PNB में नौकरी का मौका: लोकल बैंक ऑफिसर के 545 पदों पर आवेदन की तारीख बढ़ी, जानें पूरी डिटेल
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपके लिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में एक अच्छा अवसर है। PNB ने देशभर के 17 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 545 पदों…
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपके लिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में एक अच्छा अवसर है। PNB ने देशभर के 17 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 545 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, उम्मीदवार अब 16 अगस्त तक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले यह तारीख 9 अगस्त थी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार पंजाब नेशनल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू हुई थी। इन पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, स्क्रीनिंग, स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा (LLPT) और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
किन राज्यों में कितनी रिक्तियां?
PNB ने यह भर्ती राज्यवार निकाली है, जिसमें कुल 545 पद शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 85 पद असम में, 80 पश्चिम बंगाल में, 78 कर्नाटक में और 77 गुजरात में हैं। अन्य राज्यों में महाराष्ट्र (67), तमिलनाडु (51), तेलंगाना (41), त्रिपुरा (18), जम्मू-कश्मीर (9), मेघालय (8), मणिपुर (6), मिजोरम (5), नगालैंड (5), सिक्किम (5), अरुणाचल प्रदेश (4), आंध्र प्रदेश (4) और लद्दाख (2) में पद उपलब्ध हैं।
पात्रता, आयु-सीमा और आवेदन शुल्क
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, आवेदक को उस राज्य की स्थानीय भाषा में पढ़ने, लिखने और बोलने में कुशल होना अनिवार्य है, जहां के लिए वह आवेदन कर रहा है। आयु-सीमा की बात करें तो 1 जुलाई तक आवेदक की न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार ऊपरी आयु-सीमा में छूट मिलेगी।
ऑनलाइन फॉर्म भरते समय सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,180 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए यह शुल्क 59 रुपये है। अंतिम रूप से चयनित होने पर उम्मीदवारों का वेतन 48,480 रुपये से 85,920 रुपये प्रति माह के बीच होगा, साथ ही अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।
इनपुट: IANS



