पीएम मोदी के 'अव्यवस्था' वाले बयान पर मनोज झा का पलटवार, कहा- 'यह गांधी का देश है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने पलटवार किया है, जिसमें पीएम ने 'इंडिया' गठबंधन पर देश में अव्यवस्था फैलाने और सत्ता परिवर्तन (रिजीम चेंज) का सपना…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने पलटवार किया है, जिसमें पीएम ने 'इंडिया' गठबंधन पर देश में अव्यवस्था फैलाने और सत्ता परिवर्तन (रिजीम चेंज) का सपना देखने का आरोप लगाया था। झा ने प्रधानमंत्री पर जनता के बीच गलत धारणा फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन गांधीवादी तरीकों से ही होंगे और सरकार को इसे स्वीकार करना होगा।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी ने हाल ही में कहा था कि जब दुनिया एक नए वैश्विक क्रम की ओर बढ़ रही है, तब भारत में कुछ लोग अव्यवस्था फैलाना चाहते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज झा ने कहा, "प्रधानमंत्री विदेश जाते हैं तो कहते हैं कि वह गांधी और बुद्ध के देश से आए हैं, लेकिन देश के अंदर उनकी सरकार गांधीवादी मूल्यों को नहीं मानती।" उन्होंने सवाल किया, "अगर आपका पूरा रिजीम आर्किटेक्चर बेरोजगारी और असमानता की बात नहीं करता है, तो लोग क्या करें? क्या आपके ऑर्केस्ट्रा में शामिल हो जाएं? लोग जंतर-मंतर नहीं जाएंगे तो कहां जाएंगे?"
चुनाव आयुक्त और महाभियोग पर टिप्पणी
मनोज झा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को हटाने की प्रक्रिया वैसी ही है जैसी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को हटाने की होती है। बिरला ने कहा था कि यदि विपक्ष महाभियोग प्रस्ताव लाता है तो प्रक्रिया के तहत चर्चा होगी।
इस पर झा ने कहा, "आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। लोगों को पता नहीं था। इसमें नया क्या है? नया यही है कि मैं अखबार पर नहीं जाऊंगा, मैं साक्ष्य पर नहीं जाऊंगा, मैं सबूत पर नहीं जाऊंगा, मैं प्रोसीजर के आधार पर मोरैलिटी का... कत्ल कर दूंगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे विरोध को प्रक्रिया का हवाला देकर टाल रही है और नैतिकता के सवाल को अनदेखा कर रही है।
विधान परिषद चुनाव पर भी साधा निशाना
इसके अलावा, राजद सांसद ने उत्तर प्रदेश और बिहार में हो रहे विधान परिषद चुनावों को लेकर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "मतदान हो ही रहे हैं, लेकिन कल रात जिस तरह से एसटीएफ आ गई, तो मुझे लग गया कि हां, ये चुनाव है। क्योंकि बिना किसी अतिरिक्त मदद के तो आप लड़ ही नहीं सकते।"
इनपुट: IANS



